मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हुआ भव्य स्वागत, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब नगर वासियों ने पुष्प वर्षा कर किया प्रदेश के मुखिया का आत्मीय स्वागत
नर्मदापुरम। गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने सिवनी मालवा पहुंचकर विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। मुख्य सभा स्थल कृषि उपज मंडी पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शहर के प्रसिद्ध दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर पहुंचकर भगवान श्री राम एवं भगवान बजरंगबली का विधि विधान से पूजन किया। पूजन करने के पश्चात हनुमान मंदिर से ही रोड शो का शुभारंभ किया। रोड शो के लिए तैयार किए गए विशेष रथ पर सवार होकर मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव क्षेत्र की जनता से मिले।
मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के सिवनी मालवा आगमन पर नगर वासियों ने अपार प्रेम बरसाया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने भी नगर वासियों से मिले अपार जन प्रेम को स्वीकार करते हुए भव्य रोड शो कर के नगरवासियों पर दोनो हाथों से पुष्प वर्षा करते हुए उनके ऊपर अपना स्नेह लुटाया।
रोड शो हरदा नाके स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुआ एवं वन विभाग ऑफिस के सामने, गोवर्धन मंदिर चौक, कल्लू चौक, रेवा परिसर के सामने, नर्मदा मंदिर चौक, गांधी चौक, जय स्तंभ चौक, नगर पालिका कार्यालय के सामने, मस्जिद के सामने, कंदेली नदी पुल से होते हुए रोड शो का पुराना बस स्टैंड पर समापन हुआ। रोड शो के दौरान देश भक्ति गीतों से पूरा सिवनी मालवा अंचल गुंजायमान हो गया। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव के रोड शो में सारे जहां से अच्छा, ए वतन ए वतन, ऐसा देश है मेरा, जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा जैसे अनेक देशभक्ति गीतों के साथ मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव के रोड शो में नगर वासी देशभक्ति की भावना के साथ सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री डॉ यादव का नगर वासियों द्वारा पूरे रोड शो के दौरान पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया तथा उनके नगर आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। मुख्यमंत्री ने भी सभी नगर वासियों का अभिवादन स्वीकार किया। विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने प्रदेश के मुखिया के नगर आगमन पर उनका फल, मिस्ठान, काजू किशमिश, लड्डू अनाज से तुलादन किया।
इस दौरान भारी संख्या में नगरवासी अपने जननायक को देखने के लिए आतुर रहे। सभी पंक्तिबद्ध होकर तथा यथासंभव ऐसे स्थान पर जहां से मुख्यमंत्री डॉ यादव की छवि स्पष्ट दिखे वहां पहुंच कर प्रदेश के मुखिया को देखने के लिए प्रतिक्षारत रहे।
रोड शो के दौरान गोवर्धन मंदिर चौक पर मुख्यमंत्री डॉ यादव का फल एवं लड्डुओं से तुलादान किया गया। रोड शो के दौरान अनेकों संस्थाओं द्वारा अनाज एवं लड्डुओं से भी मुख्यमंत्री डॉ यादव का तुलादान किया गया जिनमें मुख्य रूप से पेंशनर संघ, श्रीमती शीला धन्यासे एवं महिला स्व सहायता समूह, राठौर समाज, पंचायत सचिव उप सचिव संघ, सफाई कामगार संघ तथा समस्त पार्षद एवं स्टाफ सम्मिलित रहे। इसके अतिरिक्त प्राइवेट स्कूल संघ, वंशकार समाज, श्री निषाद समाज सहित समस्त व्यापारी संघ शामिल थे।
विशेष रथ पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के साथ प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह, सिवनी मालवा विधायक प्रेम शंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी, जनप्रतिनिधि श्रीमती प्रीति शुक्ला उपस्थित रहे। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्री रिंकू जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण एवं बड़ी संख्या में नगर वासी रोड शो में सम्मिलित हुए।

