मिशन शक्ति अंतर्गत ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत पिंक लाइसेंस ड्राइव शिविर आयोजित,85 बालिकाओं को मिला लर्निंग लाइसेंस
1 min read
नर्मदापुरम । कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति अंतर्गत ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत बुधवार को शासकीय गृह विज्ञान कन्या महाविद्यालय में बालिकाओं को निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए जाने हेतु पिंक लाइसेंस ड्राइव शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 85 बालिकाओं का लर्निंग लाइसेंस हेतु पंजीयन कर उन्हें लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में संभागीय संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास श्रीमती तृप्ति त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास संजय कुमार जैन, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रमोद कापसे, शासकीय गृह विज्ञान कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती संगीता अहिरवार, प्राध्यापक श्रीमती हर्षा चाचाने सहित महाविद्यालय की बालिकाएं उपस्थित रहीं।
संभागीय संयुक्त संचालक श्रीमती तृप्ति त्रिपाठी ने बालिकाओं को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उनके समग्र कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के साथ स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रमोद कापसे ने बालिकाओं को सुरक्षित परिवहन एवं यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करना सुरक्षित परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन इसके साथ यातायात नियमों का पालन करना भी प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। उन्होंने हेलमेट के अनिवार्य उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। इस अवसर पर श्री कापसे ने उपस्थित प्रतिभागियों को सुरक्षित परिवहन एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई।
महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती संगीता अहिरवार ने बालिकाओं को शिविर के माध्यम से प्राप्त होने वाले लाभ एवं लर्निंग लाइसेंस के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षित एवं सशक्त बनकर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

