चेन्नई प्रवास के दौरान सांसद माया नारोलिया ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री से की भेंट समसामयिक व विकासपरक विषयों पर हुई चर्चा
1 min read
नर्मदापुरम। संसदीय स्थायी समिति के आधिकारिक अध्ययन दौरे पर चेन्नई प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय (सी. जोसेफ विजय) से शिष्टाचार भेंट की। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस भेंट के दौरान दोनों नेताओं एवं संसदीय समिति के सदस्यगणों के मध्य विभिन्न समसामयिक,जनहितैषी एवं विकासपरक विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
भेंट के उपरांत राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि संसदीय स्थायी समितियों के अंतर-राज्यीय अध्ययन दौरे देश के विभिन्न अंचलों में संचालित विकास कार्यों, नीतिगत पहलों तथा क्षेत्रीय प्राथमिकताओं को धरातल पर समझने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे दौरों से प्राप्त प्रत्यक्ष अनुभवों, सकारात्मक कार्यप्रणालियों और सुझावों को संसदीय चर्चाओं तथा विधायी प्रक्रियाओं में समाहित कर राष्ट्रीय विकास को अधिक गति दी जा सकती है।
सांसद नारोलिया ने संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में केंद्र और राज्यों के मध्य सतत संवाद तथा सहयोगात्मक संघवाद की भावना ही सर्वांगीण प्रगति का आधार है। भेंट के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़ी विविध कार्ययोजनाओं पर भी सकारात्मक दृष्टिकोण साझा किया गया।
