भारत की बढ़ती जीडीपी देश की आर्थिक ताकत का परिचायक – डॉ. अखिलेश खंडेलवाल
1 min read
नर्मदापुरम। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अखिलेश खंडेलवाल ने कहा है कि भारत की लगातार बढ़ती जीडीपी देश की मजबूत अर्थव्यवस्था, प्रभावी नीतियों और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हो रही प्रगति का स्पष्ट प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में भारत ने 7.8 प्रतिशत की प्रभावशाली जीडीपी वृद्धि दर दर्ज की है, जो वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच देश की आर्थिक मजबूती को दर्शाती है। विनिर्माण, सेवा क्षेत्र, निवेश, निर्यात तथा बढ़ती घरेलू मांग ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
डॉ. खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की सबसे तेजी से विकसित होती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। देश में आधारभूत संरचना, डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप, उद्योग और निवेश के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव आर्थिक विकास पर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती जीडीपी केवल आंकड़ा नहीं है, बल्कि यह देश में बढ़ते रोजगार, निवेशकों के विश्वास, औद्योगिक विकास और आम नागरिकों की आर्थिक स्थिति में सुधार का भी संकेत है। भारत आज वैश्विक विकास का एक प्रमुख इंजन बनकर उभर रहा है और विकसित भारत-2047 के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
डॉ. अखिलेश खंडेलवाल ने देशवासियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भारत आर्थिक, औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर विश्व में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
