रक्षा सूत्र कार्यक्रम में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने छात्राओं से बंधवाई राखी, उपहार भेंट कर दिया स्नेहाशीष
1 min read
नर्मदापुरम । रक्षा सूत्र कार्यक्रम के तहत कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने गर्ल्स स्कूल पहुंचकर स्कूली छात्राओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता और स्नेह के साथ मनाया। इस दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कलेक्टर श्री मिश्रा की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने भी सभी छात्राओं को उपहार भेंट कर स्नेहाशीष प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने बारी-बारी से कलेक्टर श्री मिश्रा की कलाई पर राखी बांधी। कलेक्टर ने छात्राओं से सहज संवाद करते हुए उनकी शैक्षणिक गतिविधियों, पढ़ाई एवं विद्यालय में संचालित अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से उनकी समस्याओं के संबंध में भी चर्चा की और आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने लक्ष्य निर्धारित करें और मेहनत एवं लगन के साथ अपने सपनों को साकार करें। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाकर छात्राएं भी बेहद प्रसन्न नजर आईं।
रक्षा सूत्र कार्यक्रम के तहत एसडीएम ने माखननगर पहुंच कर छात्राओं संग मनाया रक्षाबंधन का त्यौहार
कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अभिनव पहल में शासकीय विद्यालय में बालिकाओ से रक्षा सूत्र बँधवाने उनके साथ संवाद कर उनकी भविष्य की कामना करने एवं उनको प्रोत्साहित करने की कड़ी में तहसील माखननगर में शासकीय शाला शुक्करवाड़ा फ़ार्म एवं मॉडल हायर सेकेंडरी विद्यालय में रक्षा सूत्र कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें एसडीएम देवेन्द्र प्रताप सिंह ने बाबई की शासकीय माध्यमिक शाला शुक्करवाड़ा एवं मॉडल हायर सेकेंडरी शाला बाबई का भ्रमण किया। कार्यक्रम के दौरान तहसीलदार माखन नगर श्रीमती सुनीता साहनी भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा तैयार किए गए रक्षा सूत्र एवं राखियां एसडीएम देवेन्द्र प्रताप सिंह को बांधी गईं। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों को कलेक्टर श्री मिश्रा की ओर से उपहार भी प्रदान किए। उपहार पाकर विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
कार्यक्रम में शासकीय माध्यमिक उच्चतर शाला शुक्करवाड़ा फार्म सहित बाबई की अन्य शासकीय शालाओं के विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रक्षा सूत्र बांधे और एसडीएम श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

