NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

मुख्यमंत्री के 16 को सिवनी मालवा कार्यक्रम हेतु यातायात पुलिस द्वारा विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी, नागरिकों से सहयोग की अपील

नर्मदापुरम ।  दिनांक 16 को सिवनी मालवा में प्रस्तावित मुख्यमंत्री, म.प्र. शासन के कार्यक्रम के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं नागरिक-अनुकूल बनाने हेतु व्यापक एवं सुनियोजित तैयारियाँ की गई हैं। यातायात पुलिस द्वारा क्षेत्र का विस्तृत भ्रमण कर प्रमुख मार्गों, डायवर्शन, कट पॉइंट तथा पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन कर एक समग्र ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण एस. थोटा द्वारा व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण कर यातायात सहित समस्त तैयारियों की समीक्षा की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा एवं निरीक्षक यातायात सुनीता पटेल द्वारा सूक्ष्म योजना बनाकर यातायात प्रबंधन को अंतिम रूप दिया गया है।

उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा ने बताया कि संपूर्ण यातायात व्यवस्था को पाँच सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिनमें चार सेक्टर मार्ग व्यवस्था तथा एक सेक्टर पार्किंग व्यवस्था से संबंधित है। प्रत्येक सेक्टर में निरीक्षक अथवा सूबेदार स्तर के अधिकारी को प्रभारी नियुक्त कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

मार्ग व्यवस्था को भौगोलिक स्थिति और रूट प्लान के अनुसार निम्न चार चरणों में विभक्त कर यातायात प्लान बनाया गया है ।

 हेलीपेड से रोड शो प्रारंभ स्थल तक की व्यवस्था

व्हीआईपी आगमन के 10 मिनट पूर्व हेलीपेड से बस स्टैंड तिराहे तक मार्ग पूर्णतः बंद रहेगा, जो रोड शो समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान हरदा बायपास तिराहे से व्हीआईपी के निकलने के पश्चात बायपास मार्ग चालू कर दिया जाएगा, किन्तु शहर के भीतर आवागमन हेतु नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना अनिवार्य होगा।

रोड शो के दौरान व्यवस्था

हरदा बायपास तिराहे से बस स्टैंड तिराहे तक आम वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा मुख्य मार्ग पर किसी भी प्रकार की पार्किंग सख्ती से निषिद्ध रहेगी। रोड शो समाप्ति से 5 मिनट पूर्व बस स्टैंड तिराहे से मंडी क्षेत्र तक यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया जाएगा।

रोड शो उपरांत कार्यक्रम स्थल तक की व्यवस्था

व्हीआईपी के कार्यक्रम स्थल की ओर प्रस्थान करते समय बस स्टैंड तिराहे से राम जानकी मंदिर मार्ग होते हुए बायपास एवं अन्य मार्गों पर यातायात क्रमशः पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा। तथापि, बस स्टैंड तिराहे से बनापुरा की ओर वाहनों का प्रवेश तब तक प्रतिबंधित रहेगा, जब तक कारकेड मंडी गेट में प्रवेश नहीं कर लेता। कार्यक्रम के दौरान शेष मार्गों पर यातायात सामान्य रूप से संचालित रहेगा।

 कार्यक्रम समाप्ति के समय हेलिपैड तक की व्यवस्था

कार्यक्रम समाप्ति से 10 मिनट पूर्व मंडी से बस स्टैंड तिराहे तक एवं बायपास से हेलिपैड तक यातायात पूर्णतः बंद रहेगा। कारकेड के बायपास मार्ग पर मुड़ते ही शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा, किन्तु बस स्टैंड तिराहे से बायपास मार्ग की ओर प्रवेश बंद रहेगा। कारकेड के हेलिपैड पहुँचते ही संपूर्ण यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।

पार्किंग व्यवस्था (पाँचवां सेक्टर)

मंडी परिसर में चार पृथक पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं सभा स्थल के समीप व्हीआईपी पार्किंग बनाया गया है बाबरी/शिवपुर मार्ग से आने वाले वाहनों हेतु रघुवंशी वेयरहाउस पर पार्किंग की व्यवस्था है । डमाड़िया रोड स्थित सोयाबीन प्लांट में वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था की गई है, क्यू हेलिपैड एवं रोड शो प्रारंभ स्थल पर अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है

विशेष निर्देश

हरदा एवं नर्मदापुरम मार्ग से आने वाली बसों एवं मध्यम वाहनों को केवल नर्मदापुरम मार्ग से ब्रिज होते हुए डमाड़िया मार्ग के माध्यम से निर्धारित पार्किंग स्थल तक प्रवेश दिया जाएगा।

हरदा से आने वाले छोटे वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश नहीं दिया जाएगा तथा उन्हें बायपास मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

बाबरी घाट मार्ग से आने वाले छोटे वाहन मंडी के पिछले हिस्से से सीधे पार्किंग स्थल में प्रवेश कर सकेंगे।

ब्रिज मार्ग बंद रहने की स्थिति में छोटे वाहन अंडरपास का उपयोग कर सकेंगे एवं रोड शो मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से पूर्व में ही वाहनों को हटाकर सघन सुरक्षा चेकिंग की जाएगी। अतः नागरिकों से अनुरोध है कि निर्धारित मार्गों पर वाहन खड़े न करें एवं वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, जिससे अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके।

यातायात पुलिस द्वारा समस्त नागरिकों से अपील की

नागरिकों की सुविधा एवं व्हीआईपी सुरक्षा के मध्य संतुलन बनाए रखते हुए यातायात को केवल आवश्यक न्यूनतम समय के लिए ही प्रतिबंधित किया जाएगा। समस्त नागरिकों से अपील है कि वे जारी यातायात योजना का पालन करें, पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से मुख्य मार्गों का उपयोग करने से बचें

About The Author