Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 14, 2026

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

किसानों को आसानी से खाद एवं बीज की उपलब्धता रहे, कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए – प्रभारी मंत्री राकेश सिंह

1 min read

नर्मदापुरम। जिले के किसानों को सहजता से एवं आसानी से खाद की उपलब्धता हो साथ ही खाद एवं बीज की कालाबाजारी करने वालो पर सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए, कृषि विभाग आगामी फसल के लिए अभी से खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करें। ई विकास पोर्टल से किसान खाद के लिए आसानी से अपने खाद का ऑर्डर बुक कर सके इसके लिए कृषि विभाग आवश्यक उपाय सुनिश्चित करें। साथ ही जिन किसानों का नंबर जिस दिन आ रहा है उन किसानों को उसी दिन खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। किसी भी खरीदी केंद्र में किसानों की लंबी-लंबी कतारे ना लगे, इसके लिए सभी जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर बैठक कर इसका उचित समाधान करें। किसानों को खरीदी केंद्र में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। उक्त निर्देश प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं नर्मदा पुरम जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में दिए। प्रभारी मंत्री ने प्रतिनिधियों द्वारा तौल कांटों के संबंध में गड़बड़ी की आशंका की जानकारी संज्ञान में लाने पर कलेक्टर को निर्देश दिये की वे खरीदी केन्द्रों के तौल कांटों की जांच प्राथमिकता से कराए। प्रभारी मंत्री ने बैठक में कृषि विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय विकास से संबंधित पेयजल योजना, गेहूं उपार्जन आदि की समीक्षा की। प्रभारी मंत्री ने बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि वह सेठानी घाट पर आने वाले असामाजिक तत्वों एवं नशेड़ियों के विरुद्ध कल से ही प्रभावशाली कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।

जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदा पुरम जिले के विधायक डॉक्टर सीता सरन शर्मा, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, सिवनी मालवा विधायक  प्रेम शंकर वर्मा, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती राधा सुधीर पटेल, नगर पालिका की अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, जनप्रतिनिधि श्रीमती प्रीति पवन शुक्ला एवं सभी नगर पालिका एवं जनपद पंचायत के अध्यक्ष गण, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस थोटा, वन मंडलाधिकारी गौरव शर्मा सहित सभी संबंधित विभाग के विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री  राकेश सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों ने जो समस्याएं सामने रखी है उन समस्याओं पर विचार करें। उन समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहां की जिले में कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति निर्मित ना हो, साथ ही जिले में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति चाक चौबंद रहे। उन्होंने जन प्रतिनिधियों की मांग पर रेवा बनखेड़ी रोड एवं अन्य सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को प्राथमिकता से हटाने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने नल जल योजना एवं पेयजल की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि खापरखेड़ी ग्राम पंचायत में हर हाल में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति निर्मित ना हो, यदि कहीं ऐसी स्थिति निर्मित हो रही है तो जनप्रतिनिधि गण लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभाग के अधिकारियों साथ समन्वय कर पेयजल समस्या का निराकरण करें। उन्होंने तिलक सिंदूर में पर्यावरण अनुकूल अस्थाई सामुदायिक शौचालय निर्माण कराने के निर्देश दिए और कहां की तत संबंध में वन विभाग आवश्यक अनुमति जारी करें। वन विभाग शासन से स्वीकृत सड़कों पर डामरीकरण या मुरमी करण करने के लिए विशेष अनुमति जारी करें। अनुमति के अभाव में सड़क निर्माण का कार्य किसी भी स्थिति में रुकना नहीं चाहिए। इसके कारण कार्य बाधित न हो।

गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने निर्देश दिए की दूरस्थ स्थित गेहूं खरीदी केंद्र पर पुनः विचार करते हुए यदि संभव हो तो दूरी कम करते हुए किसानों को सहूलियत प्रदान की जाए। उल्लेखनीय है की विधायक गणों ने प्रभारी मंत्री का ध्यान आकर्षित कराते हुए बताया था कि कई खरीदी केंद्र 20 से 25 किलोमीटर दूर है वहां तक पहुंचने में किसानों को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यदि नजदीक में खरीदी केंद्र हो तो किसान आसानी से अपनी उपज बेच सकेंगे।

इसके पूर्व कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि जहां-जहां नल जल योजनाएं पूर्ण हो चुकी है वहां पर समारोह पूर्वक नल जल योजनाएं ग्राम पंचायतो को हैंडोवर की गई है। प्रत्येक सोमवार को समिति वार खाद की उपलब्धता की जानकारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि खाद वितरण आसानी से हो इसके लिए काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

इसके पूर्व उपसंचालक कृषि ने यूरिया डीएपी एसएसपी, एनपी के, एनओपी की उपलब्धता की जानकारी दी साथ ही बताया कि कृषक ई विकास पोर्टल से निर्धारित उर्वरक के अलावा अतिरिक्त उर्वरक भी प्राप्त कर सकते। उन्होंने सहकारी संस्था में धान, सोयाबीन, ज्वार, मक्का, अरहर, उड़द, मूंग कोदो और कुटकी राम तिल तथा मूंगफली के बीज की उपलब्धता की जानकारी से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधीक्षण यंत्री ने बताया कि जिले में 898 नल जल योजना की स्वीकृति प्राप्त हुई थी जिनमें 697 नल जल योजनाएं पूर्ण कर ली गई है तथा शेष 184 योजनाएं प्रगति रत है तथा 17 नल जल योजनाएं अप्रारंभ है।

नगरीय विकास के  देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जल प्रदाय योजना अमृत 2.0 के अंतर्गत भिलारिया घाट में ओवरहेड टैंक, संपवेल एवं एवं 25 के एम वितरण लाइन, जल शोधन यंत्र मेहराघाट में ओवरहेड टैंक, जेट बोर, रो वाटर लाइन का कार्य प्रगति रत है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया की कुल 132 पंजीयन केंद्र में 73296 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है, कुल उपार्जित केंद्रों की संख्या 172 है, जिनमे जेवीएस गोदाम स्तरीय 138, गोदाम स्तरीय 05, साइलो 04, समिति स्तरीय 16 एवं मंडी स्तरीय 09 है। अब तक 32 867 किसानों से 230780 मेट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। ‌

About The Author