कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विज्ञान शिक्षकों हेतु रिमेडियल मॉड्यूल संचालन का प्रशिक्षण आयोजित
1 min read
नर्मदापुरम। कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार दिनांक 28 सितंबर 2026 को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नर्मदापुरम में विज्ञान विषय का एक दिवसीय रिमेडियल मॉड्यूल संचालन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एल. एन. प्रजापति के मार्गदर्शन एवं निर्देश में तथा एडीपीसी राजेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र का कुशल संचालन मास्टर ट्रेनर अनुराग हनोतिया (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मिसरोद) एवं आशिक खान (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवपुर) द्वारा किया गया। प्रशिक्षण स्थल की नोडल प्राचार्य श्रीमती अर्चना मिश्रा रहीं। उद्देश्य एवं पृष्ठभूमि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कक्षा 9वीं एवं 10वीं की त्रैमासिक परीक्षा में ‘D’ एवं ‘E’ ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने के लिए 1 अक्टूबर 2026 से प्रत्येक विद्यालय में रिमेडियल कक्षाओं का संचालन किया जाना है। इसी तारतम्य में विषयवार मासिक प्रशिक्षण के अंतर्गत यह कार्यशाला आयोजित की गई। प्रशिक्षण का समय एवं स्वरूप: प्रशिक्षण प्रातः 09:30 बजे से शाम 04:30 बजे तक संचालित हुआ। इसमें जिले के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा 9वीं और 10वीं में विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षकों ने भाग लिया। परीक्षा परिणाम प्रविष्टि पर जोर प्रशिक्षण के दौरान निर्देश दिए गए कि पोर्टल पर त्रैमासिक परीक्षा के परिणामों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए, ताकि ‘D’ और ‘E’ ग्रेड में आए उपचारात्मक शिक्षण योग्य विद्यार्थियों की सही संख्या के आधार पर शिक्षण रणनीति बनाई जा सके। मास्टर ट्रेनर्स का मार्गदर्शन: मास्टर ट्रेनर्स अनुराग हनोतिया एवं आशिक खान ने उपस्थित शिक्षकों को रिमेडियल मॉड्यूल के प्रभावी क्रियान्वयन, कठिन वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल प्रयोगों व उदाहरणों से समझाने तथा कमजोर विद्यार्थियों में बुनियादी समझ और आत्मविश्वास बढ़ाने के व्यावहारिक तौर-तरीकों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के अंत में सभी शिक्षकों ने आगामी 1 अक्टूबर से विद्यालयों में रिमेडियल कक्षाओं को पूरी निष्ठा व योजनाबद्ध तरीके से संचालित करने का संकल्प लिया।
