जिलेभर के हजारों हितग्राहियों ने कराया ई-केवाईसी, बैंकिंग योजनाओं की दी गई जानकारी
1 min read
नर्मदापुरम। वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत शनिवार को सांई कृष्णा रिसोर्ट में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। इसमें जिलेभर के सभी बैंकों के हजारों हितग्राहियों ने पहुंचकर ई-केवाईसी और री-केवाईसी कराई। साथ ही बैंकिंग योजनाओं की जानकारी लेकर विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीयन भी कराया। अभियान का समन्वय लीड बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने किया। शिविर में आधार सीडिंग, पेंशन योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की प्रस्तावना में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के समन्वयक एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक धीरज गोयल ने बताया कि वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान 31 दिसंबर तक देशभर में चलाया जाएगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय रिजर्व बैंक मुंबई की कार्यकारी निदेशक सोनाली सिंह गुप्ता ने कहा कि भारत सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक की पहल पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है। नर्मदापुरम जिले में अभी भी कई खातों की री-केवाईसी बाकी है। इसे मिशन मोड में पूरा किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
उन्होंने बैंक खातों को सक्रिय रखने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि निष्क्रिय और म्यूल खातों का इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी में किया जा सकता है। खाताधारक अनजान व्यक्तियों से बैंक संबंधी जानकारी और ओटीपी साझा न करें। साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।
भारतीय रिजर्व बैंक की क्षेत्रीय निदेशक सुजाता लाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने के साथ खातों को सक्रिय रखना है। डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतना भी जरूरी है। वहीं नाबार्ड भोपाल की सीजीएम सी. सरस्वती ने कहा कि नर्मदापुरम का कोई भी परिवार बैंकिंग योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। एक महिला का आर्थिक सशक्तिकरण पूरे परिवार को आगे बढ़ाता है। वित्तीय समावेशन को स्थायी बनाने के लिए आमदनी के साधन विकसित करना भी जरूरी है। नाबार्ड ने किसान उत्पादक संगठनों के गठन और पैक्स समितियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में काम किया है।
इस दौरान अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के हितग्राहियों को चेक वितरित किए गए। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बैंकिंग योजनाओं, री-केवाईसी की प्रक्रिया और साइबर अपराध से बचाव के तरीके बताए गए। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक प्रवास कुमार ने कहा कि 31 दिसंबर तक चलने वाले अभियान में 10 साल पुराने खातों को सुचारू रखने के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी है। केवाईसी के नाम पर किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही ओटीपी साझा करें। केवाईसी का कार्य संबंधित बैंक शाखा में ही कराएं।
शिविर में स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बैंकिंग योजनाओं से मिली सहायता के जरिए अपने उद्योगों को सफल बनाने के अनुभव भी साझा किए। अंत में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख मुकेश चौधरी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में लीड बैंक मैनेजर चंद्रा कुमार सहित जिलेभर के विभिन्न बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



