सुरक्षा के इंतजामों के बिना मैदान में उतर रही परिवहन विभाग की टीम
1 min read
नर्मदापुरम। सड़क पर वाहनों की जांच कर यातायात नियमों का पालन कराने वाला परिवहन विभाग अपनी ही फ्लाइंग टीम की सुरक्षा को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार को तवा-धोंखेड़ा बायपास पर परिवहन विभाग की टीम व्यावसायिक वाहनों की जांच करती नजर आई, लेकिन मौके पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं थे। कुछ दिन पहले कुलामड़ी बायपास पर भी इसी तरह का मामला सामने आया था। तब क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही थी, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।
वाहनों की जांच के दौरान टीम के पास बॉडी वार्न कैमरा, चेतावनी संकेतक बोर्ड और रिफ्लेक्टर जैकेट जैसे संसाधन होना जरूरी है। इनके अभाव में तेज रफ्तार वाहनों के बीच जांच करना कर्मचारियों के लिए जोखिम भरा हो सकता है। इससे सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी सवाल उठते हैं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रमोद कुमार कापसे के अनुसार जिले में चेकिंग पाइंट निर्धारित नहीं हैं। सुरक्षा संसाधनों की खरीदी के लिए शासन स्तर से टेंडर प्रक्रिया होती है। फिलहाल रात में जांच के लिए रिफ्लेक्टर जैकेट उपलब्ध हैं, लेकिन अमला रात में चेकिंग नहीं करता है।



