Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

पत्नियों के हाथों पतियों को पहनवाए निःशुल्क हेलमेट, सुरक्षित जीवन का लिया संकल्प

1 min read

  करवा चौथ पर यातायात पुलिस की अनूठी पहल

नर्मदापुरम। करवा चौथ के पावन अवसर पर जहाँ पत्नियाँ अपने पति की दीर्घायु और सुखी जीवन की कामना के लिए व्रत रखती हैं, वहीं यातायात पुलिस ने इस पर्व को सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता से जोड़ते हुए एक अनूठी पहल की। अभियान के अंतर्गत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे दंपत्तियों को समझाइश दी गई तथा 10 वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट प्रदान किए गए।

उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा ने यातायात पुलिस टीम के साथ इटारसी रोड पर करवा चौथ के अवसर पर जा रहे ऐसे दंपत्तियों को चिन्हित किया, जिनमें दोपहिया वाहन चालक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। उन्हें समझाइश देते हुए बताया गया कि जीवनसाथी की लंबी उम्र की कामना के साथ उसकी सुरक्षा के लिए व्यावहारिक कदम उठाना भी उतना ही आवश्यक है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोट गंभीर परिणामों का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक दोपहिया चालक को हर यात्रा में हेलमेट पहनना चाहिए।

अभियान के दौरान पत्नियों के माध्यम से उनके पतियों को हेलमेट पहनवाया गया। इस भावनात्मक पहल में पत्नियों ने अपने पतियों से सदैव हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और सड़क पर सुरक्षित रहने का वादा लिया। यातायात पुलिस द्वारा ऐसे 10 वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट उपलब्ध कराए गए।

इस पहल का उद्देश्य केवल हेलमेट वितरित करना नहीं, बल्कि दांपत्य जीवन में प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था।

करवा चौथ पर नर्मदापुरम पुलिस की अपील

नर्मदापुरम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि करवा चौथ पर पत्नी अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती है, तो पति भी अपने सुरक्षित रहने का संकल्प ले। क्योंकि प्यार केवल व्रत और परंपराओं से नहीं, बल्कि एक-दूसरे की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने से भी प्रकट होता है।

पुलिस ने महिलाओं से विशेष आग्रह किया कि इस करवा चौथ पर अपने जीवनसाथी से दो अनमोल वादे उपहार में लें ।

About The Author