Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

नारी शक्ति की सुरक्षा सर्वोपरि – राज्यसभा सांसद माया नारोलिया

1 min read

नर्मदापुरम। संसदीय शोध विस्तार (एनेक्सी) के समिति कक्ष ‘02’ में आयोजित महिला सशक्तीकरण संबंधी संसदीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रख्यात समाजसेवी और राज्यसभा सांसद श्रीमती सुधा मूर्ति की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का मुख्य केंद्र ‘महिलाओं और लड़कियों की तस्करी—पीड़ितों की रोकथाम, सुरक्षा और पुनर्वास’ जैसा गंभीर विषय रहा।

बैठक के दौरान गृह मंत्रालय तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने समिति को देश में मानव तस्करी की वर्तमान स्थिति और इसकी रोकथाम हेतु उठाए जा रहे विधायी व प्रशासनिक कदमों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने पीड़ितों की सुरक्षा व्यवस्था, रेस्क्यू ऑपरेशन और उनके सम्मानजनक पुनर्वास के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं पर एक प्रभावी प्रस्तुति भी दी।

ठोस कार्रवाई और समन्वय पर जोर देने के लिए समिति की सदस्य के रूप में श्रीमती माया नारोलिया ने इस संवेदनशील मुद्दे पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि धरातल पर राज्यों के साथ समन्वय और जन-जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाना अनिवार्य है। उन्होंने जोर दिया कि तस्करी की शिकार बालिकाओं और महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ठोस रणनीतिक प्रयास किए जाने चाहिए।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु तस्करी जैसे अपराधों पर कड़े प्रहार की आवश्यकता जताई। समिति ने संबंधित मंत्रालयों को निर्देशित किया कि इस दिशा में और अधिक जवाबदेही के साथ ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी बेटी असुरक्षित न रहे।

About The Author

Leave a Reply