Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में महिला आरक्षण के अनुरूप उन्हें स्‍थान आवंटित किया जाए :- संभागायुक्त कृष्‍ण गोपाल तिवारी

1 min read

नर्मदापुरम। मंगलवार को संभागायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में नर्मदापुरम संभाग के संभागायुक्त  कृष्ण गोपाल तिवारी की अध्यक्षता में संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान अपर आयुक्‍त  आर पी एस जादौन, उपायुक्‍त राजस्‍व  गणेश जायसवाल, संयुक्‍त आयुक्‍त विकास  जी सी दोहर सहित अन्‍य संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त ने आईटीआई महाविद्यालय में महिलाओं के लिए आरक्षित 30% सीटों पर आरक्षण के अनुरूप स्‍थान आवंटित करने के निर्देश दिए और कहा की इसके लिए बालिकाओं एवं महिलाओं के बीच व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए और उन्हें आईटीआई में एडमिशन लेने के लिए प्रेरित किया जाए। इस दौरान संभागायुक्‍त ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि अभियान के लिए संबंधित विभागों द्वारा जल संवर्धन एवं संरक्षण संबंधी गतिविधियां निरंतर रूप से संचालित की जाती रहे साथ ही गतिविधियों की जानकारी निर्धारित फॉर्मेट में नियमित रूप से अद्यतन की जाए।

संभागायुक्‍त  तिवारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि वे विभागीय योजनाओं के लिए लक्ष्य निर्धारित कर उनकी प्रगति सुनिश्चित करने हेतु समुचित कार्ययोजना तैयार करें। संभागायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन विभागों को अभी तक वरिष्ठ कार्यालयों से लक्ष्य प्राप्त नहीं हुए हैं, वे पूर्व वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों के आधार पर अस्थाई रूप से कार्यवाही प्रारंभ करें, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में विलंब न हो। इसके साथ ही उन्‍होनें सभी विभागों को विभागीय निरीक्षण रोस्टर तैयार करने के निर्देश भी दिए, जिससे योजनाओं की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके और कार्य की गुणवत्ता बनी रहे। संभागायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं के पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो यह सुनिश्चित करें।

संभागायुक्त  तिवारी ने निर्देशित किया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत आने वाले मामलों में समय-सीमा का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी मामला निर्धारित समय-सीमा से बाहर न जाऐ इसके लिए सभी विभाग आवश्यक सतर्कता और तत्परता बरतें। संभागायुक्त ने कहा कि संभाग के तीनों जिलों में अब तक जो भी प्रगति लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत प्राप्त हुई है, उसे बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले में निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि नागरिकों को सुशासन और समयबद्ध सेवाएं मिलती रहें।

संभागायुक्त  तिवारी ने ईई लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि वर्तमान मौसम में संभावित पेयजल संकट से निपटने हेतु की गई तैयारियों की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।  तिवारी ने यह निर्देश भी दिए कि नल-जल योजना के अंतर्गत नल कनेक्शन की स्थापना को प्राथमिकता दी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि समयबद्ध रूप से पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जल स्रोतों की निगरानी और आवश्यक मरम्मत का कार्य समय रहते पूर्ण करें ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

संभागायुक्त  तिवारी ने संभाग के तीनों जिलों में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ 70 वर्ष से कम आयु वर्ग के पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएं। संभागायुक्त ने स्पष्ट किया कि योजना के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप उक्‍त दोनों आयु वर्ग के पात्र हितग्राहियों की पहचान कर समयबद्ध रूप से आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं जिससे हितग्राही को योजना का लाभ प्राप्त हो सके।

संभागायुक्त  तिवारी ने यह भी निर्देशित किया कि कर्मचारियों के गुमशुदा एनपीएस कटोत्रों को शीघ्रता से सॉफ्टवेयर पर अद्यतन किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही  तिवारी ने यह भी निर्देश दिए कि पात्र कर्मचारियों को समयमान वेतनमान का लाभ भी समय पर दिया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट किया कि कर्मचारियों से जुड़ी वित्तीय व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना हो यह सुनिश्चित करें। इसी के साथ कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका में नाम, जन्मतिथि तथा जॉइनिंग दिनांक का आईएफएमआईएस सॉफ्टवेयर से मिलान कर लें तथा किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाने पर उसका शीघ्र ही सुधार भी सुनिश्चित करें।

संभागायुक्त  तिवारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि शासकीय आवासों में सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा जहां आवश्यकता हो, वहां मरम्मत कार्य शीघ्रता से पूरा किया जाए। इसके साथ ही संभागायुक्‍त ने अमानक खाद्य सामग्री एवं नकली खाद-बीज का विक्रय करने वालों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि किसानों और आम नागरिकों की सेहत और आजीविका से जुड़े इन मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। श्री तिवारी ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने हेतु नियमित निरीक्षण किया जाए और जहां आवश्यक हो, वहां त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

 

About The Author

Leave a Reply

आपसे छूटी खबरें