Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 7 अगस्त से होगा प्रारंभ जिले का प्रथम शिविर ग्राम ग्वाड़ी (विकासखंड सिवनी मालवा) में आयोजित होगा

1 min read

नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए गुरूवार को कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, शिविरों के आयोजन, गतिविधियों एवं निरीक्षण संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 7 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। जिले में अभियान का प्रथम शिविर विकासखंड सिवनी मालवा के ग्राम ग्वाड़ी में आयोजित होगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह के प्रत्येक शुक्रवार को शिविर लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने सांसदों, विधायकों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों को जिले के सातों विकासखंडों में आयोजित होने वाले शिविरों का रोस्टर, शिविरों के दौरान संचालित की जाने वाली गतिविधियों तथा निरीक्षण संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान शासकीय परिसंपत्तियों एवं विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उपयोग की भी समीक्षा और निरीक्षण किया जाएगा, जिससे योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। कलेक्टर ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के प्रत्येक विकासखंड में तीन क्लस्टर स्तरीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें ग्रामीण क्लस्टर के अंतर्गत चयनित ग्राम पंचायतों के साथ संबंधित अन्य ग्राम पंचायतों तथा शहरी क्लस्टर के अंतर्गत संबंधित नगरीय निकाय के सभी वार्डों को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त जिले में एक जिला स्तरीय शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।

बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम की अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, नगर पालिका परिषद इटारसी के अध्यक्ष पंकज चौरे, जनप्रतिनिधि श्रीमती प्रीति शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुईं।

About The Author