NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

सेंट्रल बैंक आफ इंडिया ने लगाया रिटेल क्रेडिट आउटरीच कैंप

नर्मदापुरम। सेंट्रल बैंक आफ इंडिया, रीजनल आफिस होशंगाबाद द्वारा इटारसी स्थित एलकेजी कालोनी में रिटेल क्रेडिट आउटरीच कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एलकेजी इंफ्रा के डायरेक्टर निपुण गोठी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रीजनल हेड मुकेश चौधरी ने की। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। निपुण गोठी ने कहा कि इस प्रकार के वित्तीय जागरूकता शिविर आमजन को बैंकिंग सुविधाओं से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आसान ऋण सुविधा से लोगों को स्वरोजगार एवं आर्थिक विकास में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि बैंक और उद्योग जगत के समन्वय से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिल रही है। उन्होंने सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की पहल की सराहना करते हुए इसे ग्राहकों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। रीजनल हेड मुकेश चौधरी ने कहा कि सेंट्रल बैंक आफ इंडिया ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस प्रकार के आउटरीच कैंप के माध्यम से लोगों को बैंक योजनाओं की जानकारी सीधे उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभांवित हो सकें। कैंप के दौरान बैंक अधिकारियों द्वारा ग्राहकों को बैंक की विभिन्न रिटेल लोन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें होम लोन, वाहन ऋण, एजुकेशन लोन, पर्सनल लोन एवं व्यवसाय से संबंधित ऋण योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि बैंक द्वारा ग्राहकों को सरल प्रक्रिया एवं आकर्षक ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे आमजन अपने सपनों को साकार कर सकें। इस अवसर पर पात्र ग्राहकों को ऋण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों से बैंकिंग सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बैंक की योजनाओं एवं त्वरित प्रक्रिया की सराहना की। अंत में बैंक प्रबंधन द्वारा सभी सहयोगियों एवं उपस्थित ग्राहकों का आभार व्यक्त किया गया।

 

About The Author