“पुलिस सृजन संवाद” कार्यक्रम का आयोजन, छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं पॉक्सो एक्ट के प्रति किया गया जागरूक
नर्मदापुरम। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा भापुसे के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के नेतृत्व में पुलिस द्वारा संचालित “पुलिस सृजन संवाद” कार्यक्रम के अंतर्गत आज शासकीय सांदीपनी उच्च माध्यमिक विद्यालय, पवारखेड़ा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी महिला थाना नर्मदापुरम श्रीमती राखी मौर्य द्वारा छात्र-छात्राओं को बच्चों के साथ होने वाले लैंगिक अपराधों, उनसे बचाव के उपाय, ऐसे मामलों में अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रिया एवं सहायता प्राप्त करने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराते हुए बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में साइबर सेल के संदीप यदुवंशी द्वारा साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों जैसे सोशल मीडिया फ्रॉड, फाइनेंशियल फ्रॉड एवं एपीके (APK) फ्रॉड के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताते हुए किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत करने के संबंध में भी जानकारी प्रदान की। साथ ही विद्यार्थियों को जीवन के अधिकार, भारतीय संविधान एवं कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाई गईं।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की मास्टर ट्रेनर श्रीमती डॉ संगीता सूर्यवंशी उच्च माध्यमिक शिक्षक द्वारा मौलिक अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी एवं व्यायाम निर्देशक श्री राजेंद्र प्रसाद नामदेव द्वारा संविधान एवं कानून की नींव विषय पर जानकारी साझा की एवं विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ, जिनके प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था के प्रभारी प्राचार्य एवं वरिष्ठ व्याख्याता संतोष कुमार साहू द्वारा उपस्थित अतिथियों का स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन किया गया। माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों को गंभीरता से ग्रहण किया तथा भविष्य में सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।
