NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

किशोर कुमार की जयंती पर “ये शाम मस्तानी” कार्यक्रम आयोजित, कलाकारों ने बांधा समां

नर्मदापुरम। नर्मदापुर युवा मंडल नर्मदापुरम एवं आलाप संगीत विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में सुर सम्राट एवं महान पार्श्व गायक किशोर कुमार की जन्म जयंती के अवसर पर “ये शाम मस्तानी” संगीत संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के संगीत प्रेमियों एवं कलाकारों ने किशोर कुमार को उनके लोकप्रिय गीतों के माध्यम से श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं किशोर कुमार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर नगर के वरिष्ठ संगीत प्रेमी संतोष शर्मा एवं मुकेश जैन को संगीत क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया, वहीं डॉ. कमल झा को “सुर शिल्पी सम्मान” से अलंकृत किया गया।

भोपाल से आए प्रसिद्ध गायक संजय साहा ने किशोर कुमार के एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में डॉ. कमल झा, कंचन बनौधा, महक वरयानी, राखी रोहर, हेमंत साहू, चन्द्रप्रभा नामदेव, रितेश साहू, समर सिंह तोमर, मोनल हरने, राजेश देवासकर, सेवाराम मालवीय, विनय रैकवार, संतोष शर्मा, रोहित मालवीय, सुनीता बचौटिया, हिमांशु यादव, मुकुंद मालवीय, दीपक केवट, सचिन गौर, मनीष दुबे, माधवी दुबे, शाहिद खान, प्रताप तोमर, संगीता चौहान, देवेंद्र चौहान एवं मनीषा व्यास ने शानदार प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नर्मदापुर युवा मंडल के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश खंडेलवाल ने कहा कि नवोदित कलाकारों को मंच प्रदान करना और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा ने कहा कि किशोर कुमार को सच्ची श्रद्धांजलि उनके अमर गीतों को गुनगुनाकर ही दी जा सकती है। वरिष्ठ समाजसेवी हंसराय ने भी किशोर कुमार को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके संगीत योगदान को याद किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन माधवी दुबे ने किया तथा आभार प्रदर्शन दीपक घरामी ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे और देर रात तक सुरों की मधुर सरिता बहती रही।

About The Author