NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

जीवन में सफल होना चाहते हो तो मेहनत के गुलाम बनो – डॉ. अखिलेश खंडेलवाल

नर्मदापुरम। कैम्पियन हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्र परिषद गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी एवं युवा प्रेरक डॉ. अखिलेश खंडेलवाल ने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि “जीवन में सफल होना चाहते हो तो मेहनत के गुलाम बनो। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, निरंतर परिश्रम ही व्यक्ति को लक्ष्य तक पहुंचाता है।”

उन्होंने कहा कि छात्र परिषद का गठन केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विद्यालय में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि साथियों का विश्वास प्राप्त करना सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। नेतृत्व का वास्तविक अर्थ सबको साथ लेकर आगे बढ़ना है।

डॉ. खंडेलवाल ने स्वामी विवेकानंद और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने तथा उन्हें पूरा करने के लिए अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का नागरिक और राष्ट्र का नेतृत्वकर्ता बनेगा, इसलिए शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, विज्ञान और नवाचार की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

उन्होंने छात्र परिषद से विद्यालय में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, पुस्तक पठन, नशा मुक्ति जागरूकता तथा डिजिटल साक्षरता जैसे कार्यक्रमों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने तथा माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति सम्मान बनाए रखने की सीख दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्र परिषद के पदाधिकारियों ने विद्यालय, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने विद्यालय की गरिमा बढ़ाने, अनुशासन का पालन करने, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रहित के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

समारोह में संस्था के डायरेक्टर विजय सेठ, प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

About The Author