सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का 72 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार,सिटी थाना को मिली सफलता ।
8 कंप्यूटर सिस्टम, 8 लैपटॉप सहित लगभग ₹11 लाख का मशरूका बरामद
नर्मदापुरम। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस ने रिवर व्यू जैसी पॉश कॉलोनी के सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग ₹11 लाख मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की ।
फरियादी कपिल शर्मा (उम्र 36 वर्ष), वर्तमान निवासी रिवर व्यू कॉलोनी ने दिनांक 08 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वे 05 जुलाई 2026 को अपने निवास पर ताला लगाकर जयपुर गए थे। वापस लौटने पर 07 जुलाई 2026 को उन्होंने देखा कि अज्ञात व्यक्ति घर का ताला तोड़कर 9 लैपटॉप, 10 कंप्यूटर सिस्टम, राडो कंपनी की घड़ी, एलईडी टीवी, आर ओ एवं अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 647/2026 अंतर्गत धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर की सूचना, तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों तथा वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर फरियादी के कार चालक वाजिद गुफरान सिद्दीकी से कड़ाई से पूछताछ की। बैंक खातों एवं अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी किए गए 7 कंप्यूटर सिस्टम एवं 5 लैपटॉप अपने परिचित आफताब खान, निवासी खजराना (इंदौर) को बेच दिए थे, जबकि शेष 4 कंप्यूटर सिस्टम, 4 लैपटॉप, विदेशी कंपनी राडो की किमती घड़ी,एलईडी टीवी, आरओ, इलेक्ट्रिक केतली, ट्रिमर सहित अन्य सामान अपने घर में छिपाकर रखा था।
पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग ₹11 लाख मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद कर लिया।
बरामद मशरूका :- 8 कंप्यूटर सिस्टम, 8 लैपटॉप, 01 राडो कंपनी की कलाई घड़ी, एलईडी टीवी, आरओ, इलेक्ट्रिक केतली, ट्रिमर, अन्य चोरी गया सामान कुल मशरुका किमती लगभग 11 लाख रूपये आरोपी वाजिद गुफरान सिद्दीकी, निवासी जहांगीराबाद, भोपाल (वर्तमान पता: अग्निहोत्री कॉलोनी, नर्मदापुरम), आफताब खान, निवासी खजराना, इंदौर को गिरफ्तार किया । कार्रवाई में सराहनीय भूमिका थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में सउनि संजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, आरक्षक – पंकेश बघेला, अविनाशी हारोडे, अजमेश चंद्रोल,हरीश डिगरसे, भिक्कू यादव तथा साइबर सेल के आरक्षक दीपेश सोलंकी की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
