Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 14, 2026

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

विश्व क्षय दिवस पर जिले में 100 दिवसीय “टीबी मुक्त भारत अभियान” का शुभारंभ “जन-जन का रखें ध्यान, टीबी-मुक्त भारत अभियान” थीम के साथ जागरूकता गतिविधियां प्रारंभ

1 min read

नर्मदापुरम । विश्व क्षय दिवस के अवसर पर 24 मार्च को जिले में “जन-जन का रखें ध्यान, टीबी-मुक्त भारत अभियान” की थीम पर 100 दिवसीय जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला क्षय केंद्र नर्मदापुरम में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से इस अभियान की शुरुआत की गई, जो राष्ट्रीय स्तर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री की उपस्थिति में प्रारंभ किए गए अभियान के अनुरूप जिले में संचालित किया जा रहा है।

कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गेहलोत के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी उन्मूलन हेतु जन-जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच एवं निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करना तथा सामुदायिक सहभागिता से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करना है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विकास सहयोगियों, सामुदायिक प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों सहित मैदानी अमले की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर टीबी के नोडल अधिकारी डॉ. प्रियंका दुबे एवं डॉ. संजय पुरोहित ने टीबी के लक्षण, बचाव, जांच एवं निःशुल्क उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा आमजन से अपील की कि लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं।

अभियान के अंतर्गत जिले के उच्च जोखिम क्षेत्रों एवं संवेदनशील वर्गों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत सक्रिय टीबी रोगियों की पहचान, शीघ्र निदान, उपचार एवं पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही घर-घर स्क्रीनिंग के माध्यम से संदिग्ध मरीजों की पहचान सुनिश्चित की जाएगी। शहरी क्षेत्रों में चिन्हित वार्डों एवं सामूहिक स्थानों जैसे स्लम/झुग्गी बस्तियां, निर्माण स्थल, बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, औद्योगिक क्षेत्र, जेल, रेलवे यार्ड, प्रवासी श्रमिक समूह, वृद्ध आश्रय स्थल एवं रात्रि आश्रय स्थलों पर विशेष टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा।

100 दिवसीय इस अभियान के दौरान सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करने, जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से इसे जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा, जिससे टीबी के प्रसार को प्रभावी रूप से रोका जा सके। इस दौरान श्रीमती कविता भोई (डीपीएम), विशेष दुबे (डीपीसी), उदित द्विवेदी, आनंद पांडे, विवेक रंजन दुबे, मनोज परसाई, रेड क्रॉस प्रबंध समिति से अनिल अग्रवाल, गौरव सेठ, शेर सिंह बड़कुर सहित क्षय एवं एनएचएम विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

 

About The Author