राज्य मिलेट मिशन अंतर्गत श्री अन्न कार्यशाला का आयोजन
रहटगांव। राजाबरारी में कृषि विभाग द्वारा राज्य मिलेट मिशन के अंतर्गत श्री अन्न कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच द्वारा की गई। शुभारंभ मां सरस्वती एवं कृषि के देवता भगवान बलराम को माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकास खंड टिमरनी वीरेंद्र कुमार साहू द्वारा किया गया। उन्होंने ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उप संचालक जवाहर लाल कास्दे ने घरेलू बचत एवं आवश्यकता अनुसार फसल चयन की सलाह देते हुए जैविक एवं प्राकृतिक खेती पर प्रकाश डाला। सहायक संचालक कृषि अखिलेश पटेल ने श्री अन्न के महत्व को बताया। सहायक संचालक अभियांत्रिकी प्रीति चौधरी ने कृषकों को अनुदान
पर कृषि यंत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ओ.पी. भारती ने प्रश्नोत्तर के माध्यम से श्री अन्न, जैविक खेती एवं तात्कालिक फसलों पर चर्चा की। राजाबरारी स्टेट प्रबंधक धर्मपाल ने कृषकों को कृषि विभाग से जुड़ने एवं बायोगैस संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में स्टेट के रेंजर अमित चंद्राकर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कृषि वर्ष 2026 के रथ का संचालन कर विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। रथ का संचालन राजाबरारी, बोरी एवं कायरी ग्राम में किया गया। रथ प्रभारी सहायक संचालक रामकृष्ण मंडलोई सहित सहायक पशुपालन विभाग, कृषि विस्तार अधिकारी शिवम कुशवाह, राहुल चौहान, अजय परते एवं शैलेन्द्र सिंह सिंगोड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 250 कृषकों ने सहभागिता कर लाभ लिया।
