एसडीएम पिपरिया का सिविल अस्पताल पर औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
1 min read
नर्मदापुरम। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) पिपरिया आकिप खान द्वारा सिविल अस्पताल पिपरिया का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की विभिन्न इकाइयों एवं सेवाओं का बारीकी से अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री खान ने एनआरसी, प्रसूति वार्ड, लेबर रूम, एनसीडी, फिजियोथेरेपी वार्ड, नेत्र रोग वार्ड, ब्लड स्टोरेज, उमंग क्लीनिक, दवा वितरण केंद्र तथा टीबी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्डों में साफ-सफाई की स्थिति, डॉक्टरों एवं आवश्यक मशीनों की उपलब्धता तथा दवा वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया।
एसडीएम ने अस्पताल में उपस्थित मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। साथ ही उन्होंने ओपीडी व्यवस्था की जानकारी प्राप्त कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया। निरीक्षण उपरांत एसडीएम श्री खान ने खंड चिकित्सा अधिकारी एवं अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में समुचित साफ-सफाई बनाए रखें तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

