NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता – कलेक्टर

नर्मदापुरम। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकार बंधुओं के साथ परिचर्चा कर शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सुशासन तथा नवाचारों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को सुदूर क्षेत्रों एवं अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। कलेक्टर ने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि वे बेबाकी से अपनी बात रखें। प्रशासन का सदैव प्रयास रहेगा कि पत्रकारों द्वारा उठाए गए मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए पत्रकारों से सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान भी किया।

परिचर्चा के दौरान कलेक्टर ने पत्रकारों के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने बताया कि जिले में पर्यटन विकास के लिए कार्ययोजनाएं तैयार की जाएंगी, जिसमें पत्रकारों के सुझावों को भी महत्व दिया जाएगा। इसके साथ ही कृषि विकास एवं कृषि से संबंधित नवाचारों पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन एवं संभागीय जनसंपर्क अधिकारी रश्मि देशमुख सहित बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

About The Author