Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

अवैध हूटर, ब्लैक फिल्म और फैंसी नंबर प्लेट पर पुलिस का शिकंजा, 81,800 का जुर्माना वसूला

1 min read

नर्मदापुरम। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में 1 से 10 अगस्त तक संचालित विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत पुलिस ने पहले ही दिन सघन वाहन जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले 195 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए ₹81,800 का जुर्माना वसूला।

अभियान के दौरान निजी वाहनों में लगाए गए अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, सरकारी एवं VIP स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा चार पहिया वाहनों के शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म की विशेष रूप से जांच की गई। पुलिस टीमों ने जिले के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर व्यापक जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान अवैध हूटर लगे 1 वाहन, ब्लैक फिल्म लगे 25 वाहन तथा गलत नंबर प्लेट, अनधिकृत पदनाम प्रदर्शित करने एवं HSRP नंबर प्लेट नहीं होने के 33 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संतोष मिश्रा के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना, विशेषाधिकार का झूठा प्रदर्शन करने वाले वाहनों पर अंकुश लगाना तथा सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अधिक अनुशासित एवं सुरक्षित बनाना है।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए स्वेच्छा से नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 10 अगस्त तक यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने निजी वाहनों से अनधिकृत हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, VIP अथवा सरकारी स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा ब्लैक फिल्म तत्काल हटवा लें। यातायात नियमों का पालन न केवल वैधानिक दायित्व है, बल्कि सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। पुलिस ने आमजन से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

 

About The Author