राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 12 अक्टूबर को — “दो बूँद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार”
नर्मदापुरम। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ 12 अक्टूबर, रविवार को किया जा रहा है। यह अभियान कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गेहलोत की मार्गदर्शन में संचालित होगा। अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष तक के 1,51,363 बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी। यह कार्य प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक जिले के सभी पोलियो बूथों पर एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने हेतु सभी विकासखंडों में आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में पोलियो वैक्सीन, रिपोर्टिंग प्रपत्र एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
अभियान के पूर्व 11 अक्टूबर, शनिवार को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा पोलियो जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें आमजन को यह संदेश दिया गया कि “5 वर्ष तक के हर बच्चे को हर बार पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।” कलेक्टर सुश्री मीना ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएँ और उन्हें पोलियो की दवा पिलाएँ। इस जनहितकारी अभियान में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला एवं ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा अधिकारी, साथ ही लायंस क्लब, रोटरी क्लब, रेडक्रॉस सोसायटी एवं विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों से भी सहयोग का अनुरोध किया गया है। इसके अतिरिक्त इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) नर्मदापुरम, आईपीए नर्सिंग होम प्रबंधक एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी बच्चों को बूथ पर पोलियो खुराक पिलाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे।
