Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

August 14, 2026

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

हेलमेट विशेष अभियान में नर्मदापुरम पुलिस की सख्त कार्रवाई 1828 चालकों पर चालान, लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही की गई

1 min read

नर्मदापुरम। सड़क दुर्घटनाओं और उनसे बढ़ती मृत्यु की गंभीरता को देखते हुए प्रदेशभर में विशेष हेलमेट अभियान संचालित किया जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का लगभग 54 प्रतिशत हिस्सा दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं से संबंधित होता है, इन मृतकों में लगभग 80 प्रतिशत मृतक हेलमेट नहीं पहने होते हैं।

प्रदेश भर में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में नर्मदापुरम पुलिस द्वारा 26 अप्रैल से विशेष हेलमेट अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक  साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन में जिले के सभी 16 थाना क्षेत्रों एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत अब तक 5000 से अधिक दोपहिया वाहनों की सघन जांच की गई, जिनमें 1828 वाहन चालक बिना हेलमेट के पाए गए। इन सभी के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹ 5.47 लाख का जुर्माना वसूला गया है।

सिर्फ 10 दिनों की कार्रवाई में बिना हेलमेट चलने वालों की इतनी अधिक संख्या का चालान इस अभियान की प्रासंगिकता और सड़क सुरक्षा के लिए और गंभीरता तथा जागरूकता की आवश्यकता को दर्शाता है।

पुलिस द्वारा दंडात्मक के साथ पूरे जिले में व्यापक जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
अब तक जिलेभर में 192 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 6151 से अधिक नागरिकों को हेलमेट पहनने के महत्व, सही तरीके से उपयोग तथा गुणवत्तापूर्ण हेलमेट के चयन के बारे में समझाइश दी गई है साथ ही शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे राहवीर योजना और कैशलेश उपचार योजना की जानकारी दी गई है।

हेलमेट न पहनने वाले सभी 1828 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। नर्मदापुरम पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी अब केवल जुर्माने तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि लाइसेंस निलंबन भी किया जाएगा ताकि हेलमेट नहीं पहनने वाले लाइसेंस निलंबन उपरांत वाहन न चला सकें एवं दुबारा बिना हेलमेट पकड़े जाने पर बिना हेलमेट के साथ बिना लाइसेंस की कार्यवाही भी की जा सके

उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री संतोष मिश्रा ने बताया

“जांच के दौरान बहुत से चालक हेलमेट पहनते हैं, पर चिन स्ट्रैप नहीं बांधते या फेस शील्ड का उपयोग नहीं करते। ऐसे चालकों को हेलमेट सही तरीके से उपयोग के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, उचित मापदंड एवं गुणवत्ता वाले हेलमेट के उपयोग की सलाह दी जा रही है, ताकि दुर्घटना की स्थिति में जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। किसी भी अभियान की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर करती है, इस अभियान में हमारा प्रयास है कि यह अभियान सिर्फ शासकीय अभियान न हो बल्कि जनता भी भागीदार हो तभी यह अभियान पूर्णतः सफल हो सकेगा ”

उन्होंने बताया कि शहर के सभी 16 थाने एवं यातायात पुलिस प्रतिदिन अलग-अलग स्थानों और समय पर सघन चेकिंग कर रही है। यह विशेष हेलमेट अभियान 10 मई तक निरंतर जारी रहेगा।

About The Author