ठेलों पर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने वालों पर नगर पालिका की कार्रवाई , 9 स्पीकर जब्त
1 min read
नर्मदापुरम्। शहर में ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगरपालिका का अतिक्रमण दल द्वारा आज कार्रवाई की गई। शुक्रवार को नगरपालिका के अतिक्रमण दल ने बाजार क्षेत्रों में औचक कार्रवाई करते हुए ठेलों पर तीक्ष्ण और कानफोड़ू स्वर में लाउडस्पीकर बजाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
अतिक्रमण दल प्रभारी शेख सिकंदर ने जानकारी दी कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव और मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के सख्त निर्देशों के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई। टीम ने शहर के व्यस्ततम इलाकों जैसे नेहरू पार्क और अग्निहोत्री गार्डन के सामने अभियान चलाकर ठेलों से 9 छोटे लाउडस्पीकरों को जब्त किया।
लगातार मिल रही थीं नागरिकों की शिकायतें
पिछले कुछ दिनों से आम नागरिकों और राहगीरों द्वारा लगातार शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं कि बाजार क्षेत्रों में सब्जी, फल और अन्य सामग्री बेचने वाले विक्रेता छोटे लाउडस्पीकरों का उपयोग बहुत तीक्ष्ण आवाज में कर रहे हैं। इन तीक्ष्ण स्वरों में भाव अनाउंस होने के कारण बाजारों में खरीदारी करने वाले लोगों, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को अत्यधिक मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
दुकानदारों और विक्रेताओं को सख्त समझाइश
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण दल ने केवल जब्ती की कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि सभी फल-सब्जी विक्रेताओं और अन्य व्यापारियों को कड़े शब्दों में समझाइश भी दी। दल ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई भी विक्रेता तेज आवाज वाले या तीक्ष्ण स्वर के लाउडस्पीकरों का इस्तेमाल करते पाया गया, तो उसके खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगरपालिका की इस कार्रवाई से शहर के अन्य इलाकों के अवैध रूप से लाउडस्पीकर बजाने वाले विक्रेताओं में भी हड़कंप मच गया है।
