एमएसएमई टाउन हाल में उद्यमियों को वित्तीय सुविधाओं की दी जानकारी
1 min read
नर्मदापुरम। भारतीय रिजर्व बैंक के वित्तीय समावेशन व विकास विभाग की ओर से नर्मदापुरम में एमएसएमई टाउन हाल आयोजित किया गया। इसमें उद्यमियों को वित्तीय सुविधाओं, सरकारी योजनाओं, ऋण प्रक्रिया और कारोबार के विकास के अवसरों की जानकारी दी गई। साथ ही, उनकी समस्याओं पर बैंक और संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों से चर्चा की गई। कार्यक्रम में आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक सुजाता लाल, उपमहाप्रबंधक विक्रम बीएस राजपूत, बैंक आफ इंडिया के महाप्रबंधक संजय श्रीवास्तवक, भारतीय स्टेट बैंक के उपमहाप्रबंधक रामचंद्र मिश्र सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी और अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र आर्थिक प्रगति और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उद्यमियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने, वित्तीय जागरूकता बढ़ाने और बैंकिंग सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान बनाने के लिए संस्थानों के बीच समन्वय जरूरी है। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की एमएसएमई योजनाओं, अनुदान, सब्सिडी और शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी दी गई। आरबीआई की एमएसएमई वित्तपोषण संबंधी पहलों पर भी प्रकाश डाला गया। प्रतिनिधियों ने ट्रेड रिसीवेबल्स डिस्काउंटिंग सिस्टम की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से पात्र सूक्ष्म एवं लघु उद्यम व्यापारिक बकाया बिलों के आधार पर वित्त प्राप्त कर सकते हैं। बैंक अधिकारियों ने एमएसएमई ऋण, आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज, पात्रता, क्रेडिट स्कोर और क्रेडिट गारंटी सुविधाओं के बारे में बताया। उद्यमियों को वित्तीय अभिलेख व्यवस्थित रखने और बैंकिंग लेनदेन में पारदर्शिता बनाए रखने की सलाह दी गई। प्रश्नोत्तर सत्र में उद्यमियों ने ऋण, जमानत, कार्यशील पूँजी और सरकारी योजनाओं से जुड़े सवाल रखे। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं पर जानकारी दी और समाधान के लिए समन्वय का भरोसा दिलाया।
