अखिल भारतीय कायस्थ समाज का शंखनाद, हर रविवार श्रमदान और सेवा का महासंकल्प,चित्रगुप्त घाट सहित अन्य घाटों पर करते हैं साफ सफाई ।
नर्मदापुरम। मां नर्मदा के पावन तटों को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए अखिल भारतीय कायस्थ समाज द्वारा एक अनुकरणीय पहल की जा रही है। समाज की इस शक्ति द्वारा प्रत्येक रविवार को स्थानीय चित्रगुप्त घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।अभियान के दौरान नर्मदा सेवकों ने नर्मदा तट और जल के किनारे से फूल-मालाएं, पुरानी पूजन सामग्री और अन्य अपशिष्ट निकालकर उन्हें डस्टबिन (कूड़ेदान) में डाला। इस दौरान नगरपालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, अध्यक्ष ज्योति वर्मा, समाजसेवी सुमन वर्मा, सीबी खरे, केशव वर्मा, विजय वर्मा, अशोक वर्मा, प्रीति खरे, लालता प्रसाद, मनोज वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, रश्मि सक्सेना मौजूद थे। इस अवसर पर प्रखर समाजसेवी विजय वर्मा ने कहा, “समाज का यह अभियान हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। मां नर्मदा हम सबकी जीवनदायिनी हैं और यह हमारा परम कर्तव्य है कि हम अपने प्रसिद्ध सेठानी घाट और चित्रगुप्त घाट की सुंदरता को अक्षुण्ण रखें।” उन्होंने श्रद्धालुओं से करबद्ध प्रार्थना की कि वे पूजन सामग्री को जल में विसर्जित न कर घाट पर रखे डस्टबिन का ही उपयोग करें। अखिल भारतीय कायस्थ समाज के जिला अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि मां नर्मदा हमारी पालनहार हैं और उनके दर्शन मात्र से ही सारे कार्य सिद्ध होते हैं। हम सभी को इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को हम स्वच्छ और अविरल नर्मदा सौंप सकें। स्वच्छता के इस पुनीत कार्य में सहित समाज के अन्य गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु विशेष रूप से उपस्थित रहे।

