Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

एक तिरंगा–एक भारत–श्रेष्ठ भारत का संदेश लेकर आयोजित हुई तिरंगा यात्रा में उमड़ा देश प्रेमियों का हुजूम

1 min read

नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आव्हान पर प्रदेशभर में मनाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नर्मदापुरम जिले में भी विभिन्न देशभक्ति गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नर्मदापुरम में जिला स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, समाजसेवी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा, महिलाएं, बच्चे एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा नर्मदापुरम देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक  साई कृष्ण एस. थोटा ने हाथों में तिरंगा थामकर यात्रा की अगुवाई की। भारत माता के जयकारों और राष्ट्रभक्ति के नारों से शहर का वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। ‘एक तिरंगा–एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना के साथ बच्चे, युवा, महिलाएं एवं नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर एक साथ आगे बढ़े। यात्रा के दौरान ‘मेरी शान तिरंगा है’, ‘भारत हमको जान से प्यारा है’, ‘यह देश है वीर जवानों का’, ‘ऐ वतन ऐ वतन’ जैसे देशभक्ति गीतों पर युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। सभी ने ‘हर घर तिरंगा, हर दिल भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। तिरंगा यात्रा के दौरान जिले में युवाओं ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया। शहरवासियों ने तिरंगा हाथ में लेकर देश के प्रति अपने सम्मान और समर्पण का परिचय दिया।

अमर शहीदों को पुष्‍पांजलि देकर शुरू हुई तिरंगा यात्रा

जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का शुभारंभ बुधवार को प्रातः 11 बजे शहीद गैलरी, एसएनजी विद्यालय में अमर वीर शहीदों को नमन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद यात्रा ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ते हुए देशभक्ति का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा शहीद गैलरी, एसएनजी विद्यालय से प्रारंभ होकर नेहरू पार्क, टेलीफोन चौराहा, कोठी बाजार (कलेक्ट्रेट), वन विभाग, एसपी बंगला, कलेक्टर बंगला, मालाखेड़ी बड़ चौराहा, सेमेरिट्स स्कूल चौराहा, जेल होते हुए मीनाक्षी चौक पहुंची। इसके बाद यात्रा कॉलेज के सामने, सतरस्ता, अमर चौक, जयस्तंभ चौक एवं सराफा चौक से होते हुए सेठानी घाट पहुंची।

वंदे मातरम की गूंज से देशभक्ति के रंग में रंगा नर्मदा तट

तिरंगा यात्रा के सेठानी घाट पहुंचने पर समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वंदे मातरम की तान से पूरा नर्मदा तट देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भारत माता की आरती के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।

यात्रा में दादा गुरु महाराज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, श्रीमती नीतू यादव, सुश्री राजो मालवीय, श्रीमती प्रीति शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author