Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

अखिल भारतीय कायस्थ समाज (मातृशक्ति) ने चित्रगुप्त घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान; भीषण गर्मी में भी दिखी सेवा की अटूट भावना

1 min read

नर्मदापुरम। मां नर्मदा के पावन तटों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के पुनीत संकल्प के साथ अखिल भारतीय कायस्थ समाज (मातृशक्ति) द्वारा स्थानीय चित्रगुप्त घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद समाज की महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने श्रमदान कर जन-जागरूकता का अनूठा उदाहरण पेश किया।
स्वच्छता और जन-जागरूकता पर जोर अभियान के अंतर्गत घाट की सीढ़ियों पर जमी फिसलन भरी काई को पूरी तरह साफ किया गया। साथ ही, श्रद्धालुओं द्वारा घाट किनारे छोड़ी गई फूल-मालाएं, पुरानी पूजन सामग्री और भगवान के फोटो फ्रेम एकत्रित कर डस्टबिन में डाले गए। उपस्थित मातृशक्ति ने श्रद्धालुओं से मार्मिक अपील की कि वे पर्वों और विशेष तिथियों पर स्नान के दौरान मां नर्मदा में रसायन युक्त सामग्री और प्लास्टिक न डालें।

नगर पालिका उपाध्यक्ष ने उठाई जागरूकता की बात

कार्यक्रम में उपस्थित नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा ने कहा कि नगर पालिका द्वारा समय-समय पर डस्टबिन रखे जाते हैं, लेकिन जन-जागरूकता के अभाव में कई बार इन्हें नुकसान पहुँचाया जाता है। उन्होंने समाज से अपील की कि लोग स्वयं आगे आकर इन संसाधनों की निगरानी करें और स्वच्छता अभियान में अपना सक्रिय सहयोग दें ।

वर्षों से जारी है सेवा का संकल्प

श्रीमती रितु श्रीवास्तव ने बताया कि अखिल भारतीय कायस्थ समाज की मातृशक्ति द्वारा विगत कई वर्षों से घाटों की स्वच्छता का यह सेवा कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा का सौंदर्य और ऐतिहासिकता हमारे शहर की शान है, जिसे संजोना हर नागरिक का परम कर्तव्य है। इस अवसर पर मातृशक्ति जिला अध्यक्ष ज्योति वर्मा और सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी विजय वर्मा ने भी मां नर्मदा के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की।

अभियान के प्रमुख सहभागी

इस सेवा कार्य में प्रमुख रूप से रितु श्रीवास्तव, मंजू श्रीवास्तव, प्रीति खरे, ज्योति वर्मा (जिला अध्यक्ष), रश्मि वर्मा, ममता तिवारी, जानकी, भारती और अदिति वर्मा शामिल रहीं। साथ ही पुरुष वर्ग से अभय वर्मा (नगर पालिका उपाध्यक्ष), राजेन्द्र श्रीवास्तव, विजय वर्मा (सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी), सीबी खरे, केशव देव वर्मा, लालता प्रसाद और आदित्य (गुड्डू) वर्मा ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

About The Author