Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

स्वामित्व योजना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विज़न में मील का पत्थर साबित होगी: सांसद दर्शन सिंह चौधरी

1 min read

नर्मदापुरम । स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026 के तहत शुक्रवार को बनखेड़ी तहसील के ग्राम चांदौन स्थित ज्ञानदीप विद्यालय परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ शामिल हुए। इस दौरान सांसद दर्शन सिंह चौधरी, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

शिविर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि ग्राम चांदौन उनका पैतृक ग्राम है। ऐसे में यहां स्वामित्व योजना का सफल क्रियान्वयन होते देख उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने सभी ग्रामवासियों को धनतेरस एवं दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धनतेरस जैसे शुभ अवसर पर ग्रामीणों को अपने आवास के मालिकाना हक की गारंटी मिलना दीपावली की खुशियों को और बढ़ाने वाला है। सांसद श्री चौधरी ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीणों को उनके आवास का कानूनी मालिकाना अधिकार प्रदान किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में स्वामित्व योजना मील का पत्थर साबित होगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश शासन ग्रामीणों को उनकी आवासीय संपत्ति का कानूनी अधिकार उपलब्ध करा रहा है। इससे ग्रामीणों को भविष्य में पंजीकृत दस्तावेजों के आधार पर अपनी आवश्यकताओं के लिए बैंकों से आसानी से ऋण प्राप्त करने में मदद मिलेगी। ग्रामीण इन दस्तावेजों का उपयोग गृह निर्माण, स्वरोजगार एवं अन्य आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए कर सकेंगे।

सांसद श्री चौधरी ने समस्त ग्रामवासियों से अपील की कि वे योजना के सफल क्रियान्वयन में अपना सहयोग प्रदान करें तथा आवश्यक प्रक्रियाओं को समय पर पूरा कराकर योजना का लाभ प्राप्त करें।

शिविर में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने ग्रामीणों को योजना की जानकारी देते हुए इसके महत्व और लाभों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना मध्यप्रदेश शासन की महत्वपूर्ण योजना है। इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी भूमि की निःशुल्क रजिस्ट्री की जा रही है। इससे ग्रामीणों को उनके आवास एवं भूमि पर विधिवत स्वामित्व का अधिकार प्राप्त हो सकेगा। कलेक्टर ने बताया कि ग्राम चांदौन में योजना के तहत लगभग 80 प्रतिशत पंजीयन कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष 20 प्रतिशत कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों से शेष हितग्राहियों की रजिस्ट्री नहीं हो सकी है। इनमें प्रमुख रूप से आधार कार्ड का अपडेट नहीं होना तथा भूमि स्वामी की मृत्यु हो जाना शामिल है।

कलेक्टर ने ग्रामीणों से अपील की कि जिन हितग्राहियों के आधार कार्ड अपडेट नहीं हैं, वे तत्काल अपना आधार अपडेट करवाएं, ताकि पंजीयन की प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए और सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्व विभाग का अमला निरंतर मेहनत कर रहा है। अन्य शासकीय दायित्वों के साथ-साथ राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन के कार्य को भी पूरी गंभीरता और तत्परता से संपादित कर रहे हैं। उन्होंने राजस्व अमले के कार्यों की सराहना की।

हितग्राहियों ने साझा किए योजना से मिले लाभ के अनुभव

शिविर में स्वामित्व योजना से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। ग्रामवासी मुन्नालाल, शिवपाल एवं पुरुषोत्तम ने बताया कि पहले आवास के वैध दस्तावेज नहीं होने के कारण हमेशा चिंता और असुरक्षा का माहौल बना रहता था। अब मध्यप्रदेश शासन द्वारा स्वामित्व योजना के माध्यम से उनके आवास की निःशुल्क रजिस्ट्री की जा रही है, जिससे उन्हें अपने आवास का कानूनी मालिकाना हक प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि पंजीकृत दस्तावेज भविष्य में भी विभिन्न आवश्यकताओं की पूर्ति और आर्थिक लाभ प्राप्त करने में सहायक होंगे। हितग्राहियों ने योजना के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

About The Author

आपसे छूटी खबरें