जनसुनवाई में 128 आवेदनों पर हुई सुनवाई, कई प्रकरणों का मौके पर किया निराकरण ।
1 min read
नर्मदापुरम । कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, रोजगार, बिजली, पानी, स्वच्छता सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का समय-सीमा निर्धारित कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम ताल केसरी निवासी प्रदीप कुमार बामने ने सामाजिक सुरक्षा दिव्यांग पेंशन को पुनः चालू कराए जाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने सामाजिक न्याय विभाग अधिकारी को जांच कर उचित सहायता प्रदान करने के लिए निर्देशित किया।
एक अन्य मामले में ग्राम रतवाड़ा निवासी किशन बरखने ने जाति प्रमाण-पत्र बनवाने के संबंध में आवेदन दिया। आवेदन की जाँच करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने अनुविभागीय अधिकारी को समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार मालाखेड़ी निवासी सविता बट्टी ने भूमि का पट्टा प्रदान करने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर श्री मिश्रा ने संबंधित तहसीलदार को उचित कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। इसी प्रकार आवेदिका संगीता बाई ने राशन कार्ड बनाये जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारी को नियमानुसार सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत हिमांशु जैन,अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला, एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।

