सिवनी नाका ग्वालटोली अब कहलाएगा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तिराहा
नर्मदापुरम। भारतीय जनता पार्टी नर्मदापुर मंडल शक्ति केंद्र क्रमांक 9 वार्ड 31 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने सिवनी नाका ग्वालटोली तिराहे का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर किए जाने का प्रस्ताव रखा।नगरमंत्री कमल राव चव्हाण ने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय पार्षद नरेंद्र पटेल ने कार्यकर्ताओं की भावना का सम्मान करते हुए प्रस्ताव को स्वीकार किया तथा आश्वासन दिया कि आगामी नगर पालिका परिषद की बैठक में यह प्रस्ताव प्रस्तुत कर नामकरण की प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अखिलेश खंडेलवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने एकात्म भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उनके विचार और आदर्श आज भी देश के युवाओं एवं कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में पार्षद नरेंद्र पटेल,कमल राव चव्हाण,संजीव मालवीय,मुन्नालाल राय,मनोज यादव, देवू यादव,नितिन यादव,गोरेलाल पाल,पप्पू वर्मा,दीपक यादव,संदीप राय ,कंचन यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। संचालन मनोज यादव और आभार नरेंद्र पटेल ने किया।
