रविवारीय हाट व्यवस्थित करने उतरे अधिकारी, मार्ग अवरूद्ध करने वालों पर जुर्माने और जब्ती के दिए निर्देश
1 min read
नर्मदापुरम। कलेक्टर के निर्देश पर रविवारीय बाजार को व्यवस्थित करने के लिए एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख एवं तहसीलदार सरिता मालवीय सहित नपा का अमला सड़क पर उतरा। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे फल एवं सब्जी के ठेले लगाकर मार्ग अवरूद्ध करने वाले लोगों को हटाकर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया। साथ ही दोबारा उसी स्थान पर पाए जाने पर, मार्ग अवरूद्ध करने पर एवं गंदगी फैलाने पर जुर्माने एवं जब्ती की कार्रवाई के निर्देश दिए। यह कार्रवाई बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन जारी रहेगी।
नपा की टीम बाजार क्षेत्र खासकर कोठी बाजार स्थित सब्जी बाजार में तैनात रही। साथ ही निर्देश का पालन करते हुए बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के लिए कार्रवाई की जाती रही। कार्रवाई के दौरान जेल रोड के सामने, पुलिस लाइन के सामने तथा होमगार्ड आफिस तिराहे के पास सड़क किनारे से फल एवं सब्जी विक्रेताओं को अपने निर्धारित स्थानों पर पहुंचाया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रही। साथ ही मार्ग अवरूद्ध न करने की मुनादी भी कराई गई। कार्रवाई के दौरान नपा की राजस्व शाखा के आरएसआई शेख सिकंदर, ब्रजेश सारवान, दिलावर बेग, शेख सिकंदर, सुनील अवस्थी, राजेश दीवान सहित समस्त राजस्व अमला उपस्थित रहा।

