टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन, सेवा सुरक्षा की मांग उठाई
नर्मदापुरम । राष्ट्रीय अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ के आह्वान पर मध्य प्रदेश शिक्षक संघ द्वारा टीईटी संबंधी जटिलताओं एवं शिक्षकों की सेवा सुरक्षा के मुद्दे को लेकर गुरुवार को पीपल चौक, नर्मदापुरम में विशाल ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल हुए।
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के बैनर तले एकत्रित शिक्षकों ने कलेक्टर महोदय के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री, माननीय केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं समस्त माननीय सांसदों के नाम ज्ञापन सौंपकर मांग की कि वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए तथा लाखों शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक विधायी एवं प्रशासनिक कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता लागू होने से उनके भविष्य एवं सेवा सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। इससे शिक्षकों में व्यापक असंतोष एवं चिंता का वातावरण है। शिक्षकों ने मांग की कि शासन इस विषय में संवेदनशीलता दिखाते हुए शिक्षकों के हित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय ले।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संभागीय अध्यक्ष के.के. मालवीय एवं जिला अध्यक्ष मालकजी पटेल ने कहा कि शिक्षक समाज शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ है। वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे शिक्षकों को किसी भी प्रकार की असुरक्षा में नहीं रखा जा सकता। उन्होंने केंद्र सरकार से शिक्षकों के हितों की रक्षा हेतु आवश्यक संशोधन एवं राहत प्रदान करने की मांग की।
ज्ञापन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला सचिव अजीत सिंह भदौरिया, जिला कोषाध्यक्ष राजेश कुमार संकुले, जिला संगठन मंत्री नवीन पटेल, जिला उपाध्यक्ष राजेश चौधरी, ललित सोनी मनोज चतुर्वेदी डोरीलाल यादव, लखन सिंह राजपूत, रामवीर सिंडूसकर, श्रीमती अनंत चौबे, श्रीमती विशाखा ठाकुर, श्रीमती पुष्पा चिचाम, ज्योति सुलेखिया, अरुण कुमार ताम्रकार, अशोक कुमार दुबे, अतुल कुमार दुबे, उत्तम कुमार दीवान, भाईजी प्रसाद अमरवंशी, रतन सिंह कुंअर सिंह वाडिया, माधुरी पाटिल अजीज खान, सेवक राम इवने, भागवती सिंह, विनया पावगी, शांति यादव, राजपूत, विनोद बिहारी पटेल, गिरधारी चौरे,देवेंद्र कुमार राजपूत भगवान दास सराठे श्रीकांत पाण्डेय सहित सैकड़ों शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मालकजी पटेल ने कहा कि ज्ञापन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित शिक्षकों ने शिक्षक हितों की रक्षा के लिए भविष्य में भी संगठित संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
