माखननगर में जल चौपाल का सफल आयोजन

आनंद कुमार नामदेव
माखननगर (नर्मदापुरम)।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् की नवांकुर संस्था गुरुदेव शिक्षा एवं समाज सेवा समिति द्वारा विकास खंड माखननगर में एक महत्वपूर्ण जल चौपाल का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना तथा स्थानीय स्तर पर जल प्रबंधन की महत्ता को समझाना था।
कार्यक्रम का आयोजन संभाग समन्वयक श्री कौशलेश प्रताप जी के निर्देशन, जिला समन्वयक श्री पवन सहगल जी के मार्गदर्शन तथा विकास खंड समन्वयक श्री नरेन्द्र देशमुख जी के तत्वाधान में किया गया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के अध्यक्ष नीतिराजसिंह यादव, सचिव मनोज परसाई, कोषाध्यक्ष रामकृष्ण यादव तथा परामर्शदाता सुरेश यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा जनपद पंचायत माखननगर के कृषि समिति सभापति भगवानदास यादव, गेंदालाल यादव, शुभम यादव, शुभम गोस्वामी, पूनमचंद अहिरवार, अमित मेहरा, रोहित यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी शामिल हुए।
जल चौपाल के दौरान वक्ताओं ने जल संकट के गंभीर खतरे पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आने वाले समय में यदि जल संरक्षण पर ध्यान नहीं दिया गया तो स्थिति अत्यंत भयावह हो सकती है। जल स्रोतों का संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा जल के समुचित उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों को स्थानीय जल स्रोतों की सफाई, नदियों एवं तालाबों के संरक्षण और घरेलू स्तर पर जल बचत के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उपस्थित सभी ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे अपने गांव में जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखेंगे और जल बचत के उपायों को अपनाकर भावी पीढ़ियों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से जल संरक्षण के विभिन्न उपायों पर आधारित साहित्य का वितरण भी किया गया तथा जल संरक्षण के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।