Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

गाडरवारा पीजी कॉलेज में संविधान गौरव दिवस पर युवा संवाद आयोजित

1 min read

गाडरवारा। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आज गाडरवारा स्थित शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद करते हुए भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, युवा शक्ति और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत 2047 के विजन पर अपने विचार साझा किए।

सांसद श्री चौधरी ने कहा कि युवा शक्ति नए भारत की सबसे बड़ी ताकत और राष्ट्र निर्माण की प्रेरक शक्ति है। आज का युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में भी भारत की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण सहभागी है। विकसित भारत 2047 का संकल्प युवाओं की ऊर्जा, नवाचार, परिश्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण से ही साकार होगा।

संविधान में किए गए संशोधनों के विषय पर चर्चा करते हुए सांसद श्री चौधरी ने कहा कि संविधान संशोधन की प्रक्रिया संविधान में ही निर्धारित है। कांग्रेस के शासनकाल में किए गए कुछ संविधान संशोधनों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक की प्रथा समाप्त करने तथा अन्य नीतिगत निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन निर्णयों का उद्देश्य संवैधानिक व्यवस्था के अंतर्गत देश की एकता, समानता और नागरिकों के अधिकारों को सशक्त बनाना रहा है।

उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों को समझने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैचारिक मतभिन्नता लोकतंत्र की खूबसूरती है, लेकिन राष्ट्रहित और संविधान के प्रति सम्मान हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री नरेश पाठक, श्री अनूप जैन, मंडल अध्यक्ष श्री चन्द्रकांत शर्मा, श्री मोहरकांत गुर्जर, श्री देवेंद्र पटेल, श्री बंटी कौरव सहित अन्य गणमान्य नागरिक, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संविधान, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विचारों को साझा किया। युवा संवाद का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक नेतृत्व की भावना विकसित करना रहा।

 

About The Author