ट्रैफिक जाम से मुक्ति का रोडमैप — सांसद माया नारोलिया ने संसद में रखा स्मार्ट समाधान”
नई दिल्ली \ नर्मदापुरम । संसद भवन परिसर स्थित एनेक्सी में आज ‘शहरी विकास एवं आवासन संबंधी संसदीय स्थायी समिति’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद एवं समिति सदस्य माया नारोलिया ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
बैठक का मुख्य विषय ‘स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से शहरी यातायात जाम की समस्या का समाधान।’ देश के तेजी से विस्तार लेते महानगरों और मध्यम श्रेणी के शहरों में यातायात की अव्यवस्था एक गंभीर सामाजिक और आर्थिक समस्या बनती जा रही है, जिसके समाधान हेतु यह चर्चा अत्यंत सामयिक रही।
सांसद नारोलिया ने बैठक में अपने सुझाव रखते हुए कहा कि AI आधारित ट्रैफिक सिग्नल प्रणाली, रियल-टाइम निगरानी कैमरे और एकीकृत कमांड-कंट्रोल सेंटर के माध्यम से शहरों में यातायात प्रवाह को सुव्यवस्थित किया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि तकनीक का उपयोग केवल महानगरों तक सीमित न रहे, बल्कि मध्यप्रदेश जैसे राज्यों के टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी इसका विस्तार हो।
उन्होंने यह भी सुझाया कि पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए समर्पित लेन, मल्टी-लेवल पार्किंग सुविधाओं का विकास और सार्वजनिक परिवहन को स्मार्ट तकनीक से जोड़ना, ये तीन कदम शहरी भीड़भाड़ को उल्लेखनीय रूप से कम कर सकते हैं। श्रीमती नारोलिया ने कहा, “जब एक आम नागरिक प्रतिदिन घंटों ट्रैफिक में गंवाता है, तो यह केवल समय की बर्बादी नहीं यह उसकी उत्पादकता, स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता पर सीधा प्रहार है।”
समिति में इस विषय पर व्यापक चर्चा हुई और सदस्यों ने केंद्र सरकार से स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत ट्रैफिक प्रबंधन को प्राथमिकता देने की अनुशंसा किए जाने पर सहमति जताई।
