NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

आज से चलेगा हेलमेट अभियान, बिना हेलमेट चलने पर जुर्माने के साथ लाइसेंस भी होगा सस्पेंड

नर्मदापुरम। प्रदेश में बिना हेलमेट चलने से बढ़ती मृत्यु दर को कम करने हेतु अभियान चलाया जा रहा है इस के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक साईंकृष्णा एस थोटा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हेलमेट अभियान चलाया जा रहा है

मध्य प्रदेश में हेलमेट न पहनने से सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु के मामले चिंताजनक और दुर्भाग्य से नर्मदापुरम जिले की इस मामले में स्थिति अच्छी नहीं है और इस जिले में भी हेलमेट न पहनने का चलन अधिक पाया जाता हैं। दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में सिर की चोट (Head Injury) मृत्यु का सबसे बड़ा कारण होती है, और हेलमेट न पहनना इस जोखिम को कई गुना बढ़ा देता है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) की रिपोर्टों के अनुसार, हर वर्ष हजारों दोपहिया चालक और पीछे बैठने वाले यात्री केवल हेलमेट न पहनने के कारण जान गंवाते हैं।
कई वर्षों के आंकड़ों में यह पाया गया है कि दोपहिया वाहन की दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों में लगभग 80 प्रतिशत हेलमेट नहीं पहने हुए थे।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, सही गुणवत्ता का हेलमेट पहनने से मृत्यु का खतरा लगभग 42% तक कम हो सकता है एवं सर की गंभीर चोट का खतरा लगभग 69% तक कम हो सकता है
प्रदेश में बिना हेलमेट चलने और ऐसे चालकों की मृत्यु दर बहुत अधिक होने से हेलमेट के लिए विशेष अभियान 26 अप्रैल से 10 मई  तक चलाया जा रहा है
इस अभियान के अंतर्गत बिना हेलमेट चलने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी साथ ही बिना लाइसेंस चलने पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही भी की जाएगी। लाइसेंस निलंबन की स्थिति में वाहन चलाने पर पुलिस की POS मशीन द्वारा बाद में चालानी कार्यवाही के समय लाइसेंस निलंबित बताएगा जिस पर पुलिस बिना वैध लाइसेंस के वाहन चलाने की कार्यवाही कर सकेगी साथ ही यदि वाहन स्वामी चालक से अन्य हो तो उसके विरुद्ध भी कार्यवाही कर सकेगी
इस अभियान के दौरान थाना स्तर पर हेलमेट के लिए जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस जिले में हेलमेट जागरूकता अभियान, निःशुल्क हेलमेट वितरण की कार्यवाही पहले की जा चुकी है एवं विगत वर्ष 2025 में सिर्फ बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों से नर्मदापुरम पुलिस ने 17 लाख रुपए से ज्यादा जुर्माना राशि वसूल किया था।

हेलमेट पहनने के लाभ

1. सिर की सुरक्षा – दुर्घटना में गिरने या टक्कर लगने पर हेलमेट सिर को चोट से बचाता है।
2. मृत्यु की संभावना कम करता है – शोध बताते हैं कि हेलमेट पहनने से सिर की घातक चोटों का खतरा काफी कम हो जाता है।
3. ब्रेन इंजरी से बचाव – मस्तिष्क पर सीधी चोट से कोमा, याददाश्त की समस्या या स्थायी नुकसान हो सकता है, हेलमेट इससे सुरक्षा देता है।
4. कानूनी अनिवार्यता – भारत में दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना मोटर वाहन अधिनियम के तहत अनिवार्य है।
5. परिवार की सुरक्षा – आपकी सुरक्षा सिर्फ आपकी नहीं, आपके परिवार की भी जिम्मेदारी है। एक हेलमेट पूरे परिवार को दुख से बचा सकता है।
6. धूल, धूप और बारिश से बचाव – हेलमेट केवल दुर्घटना ही नहीं, बल्कि मौसम और सड़क की परिस्थितियों से भी सुरक्षा देता है।

About The Author