NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

नर्मदापुरम के इतिहास में पहली बार जिले के शीर्ष अधिकारी कलेक्टर-एसपी भीषण गर्मी में जनता के बीच पहुंचे , अवैध शराब पर ‘ऑन द स्पॉट’ एक्शन ।

नर्मदापुरम । शनिवार रात  नर्मदापुरम के इतिहास में पहली बार जिले के शीर्ष अधिकारी भीषण गर्मी  के बीच रात के समय सीधे रहवासियों के बीच पहुंचे। स्थानीय जिला प्रशासन द्वारा आम जनता की शिकायतों को सुनने और मौके पर ही उनके समाधान के लिए शहर की मंगल तुलसी विहार कॉलोनी में “प्रशासन आपके द्वार रात्रि चौपाल जनसंवाद एवं शिकायत निवारण शिविर” का आयोजन किया गया था। इस अनूठे शिविर में कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक डॉ. साईं कृष्णा एस. थोटा, एसडीओपी जितेंद्र पाठक, डीएसपी यातायात संतोष मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर नीता कोरी, सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह, एसडीएम जय सोलंकी , अपर कलेक्टर विजेंद्र रावत सहित तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जनता से रूबरू हुए।

बिल्डरों की धोखाधड़ी और कॉलोनियों की बदहाली पर फूटा जनता का दर्द

इस ऐतिहासिक चौपाल के दौरान नर्मदापुरम की अधिकांश कॉलोनियों के निवासियों की सबसे बड़ी व्यावहारिक समस्या खुलकर सामने आई। रहवासियों ने सीधे कलेक्टर और एसपी के सामने बिल्डरों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। नागरिकों ने बताया कि मकान बेचते समय बिल्डर्स पक्की सड़क, सुचारू पानी, पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत निर्माण के बड़े-बड़े दावे करते हैं। पहली बारिश में खुलती है पोल हकीकत यह है कि थोड़ा सा समय बीतते ही इन मकानों के लैंटर से पानी गिरने लगता है, दीवारों में दरारें (क्रैक्स) आ जाती हैं और नालियां पूरी तरह चोक हो जाती हैं। जल निकासी की व्यवस्था न होने से बरसात के समय कॉलोनियों के अंदर इस कदर पानी भर जाता है, मानो कोई तालाब भरा गया हो। करोड़ों समेटकर शहर से भागे कॉलोनाइजर जनसंवाद में यह गंभीर मुद्दा उठा कि कई कॉलोनाइजर अवैध और अव्यवस्थित तरीके से जमीन काटकर, घटिया निर्माण कर लोगों को फंसा देते हैं और फिर शहर से रफूचक्कर हो जाते हैं। इसके बाद जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकती रहती है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले और जनता को ठगने वाले बिल्डरों की जांच कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अवैध शराब की शिकायत पर एसपी का ‘ऑन द स्पॉट’ एक्शन चौपाल में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठे। जब पुलिस अधीक्षक डॉ. साईं कृष्णा एस. थोटा ने जनता से उनकी सुरक्षा से जुड़ी दिक्कतों के बारे में पूछा, तो वहां मौजूद एक महिला ने अपने क्षेत्र में अवैध रूप से बेची जा रही शराब की गंभीर शिकायत की। महिला द्वारा स्थान की सटीक जानकारी देते ही एसपी ने तत्परता दिखाई और तुरंत पुलिस टीम को मौके पर छापेमारी और कार्रवाई के लिए रवाना कर दिया।

अधिकारियों का संवेदनशील और जनहितैषी रुख देखकर चौपाल में आए नागरिकों ने प्रशासन की इस त्वरित कार्यशैली की जमकर सराहना की। इस अनूठी पहल की चर्चा अब पूरे शहर में हो रही है।

About The Author