सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया को प्रथम राजभाषा कीर्ति पुरस्कार
1 min read
नर्मदापुरम। भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा नवी मुंबई में 14-15 सितंबर 2026 को आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया को राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए प्रथम राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। क्षेत्रीय प्रमुख मुकेश चौधरी ने बताया कि सम्मेलन के दौरान प्रथम पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाने वाली राजभाषा शील्ड महाराष्ट्र राज्य के माननीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, माननीय उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा सुश्री सुनेत्रा पवार की उपस्थिति में माननीय केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के करकमलों से बैंक के एमडी एवं सीईओ कल्याण कुमार ने प्राप्त की। यह सम्मान बैंक द्वारा राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन, हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा राजभाषा नीति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ किए जा रहे सतत प्रयासों का गौरवपूर्ण प्रतिफल है।
इस अवसर पर बैंक की द्विभाषीय गृह पत्रिका ‘सेन्ट्रलाइट’ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रकाशित विशेष ‘विरासत अंक’ का विमोचन राजभाषा विभाग के माननीय राज्यमंत्री नित्यानन्द राय, बंदी संजय कुमार एवं राजभाषा सचिव सुश्री अंशुली आर्य द्वारा किया गया। यह विशेषांक सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया की गौरवशाली विरासत, विकास यात्रा तथा संस्थागत मूल्यों को अभिव्यक्त करता है।
सम्मेलन के दौरान बैंक द्वारा अपनी 115 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को प्रस्तुत करते हुए एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में बैंक की विरासत, नवाचार पहल, राजभाषा के क्षेत्र में उपलब्धियाँ तथा बैंक की अब तक की विकास यात्रा को विभिन्न मॉडलों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी ने बैंक की ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ-साथ आधुनिक बैंकिंग में उसकी नवाचारपरक सोच और भविष्य की दिशा को भी प्रभावी रूप से रेखांकित किया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर बैंक के एमडी एवं सीईओ कल्याण कुमार के साथ कार्यपालक निदेशक श्री महेन्द्र दोहरे, मुख्य महाप्रबंधक-राजभाषा श्री कुशल पाल, सहायक महाप्रबंधक-राजभाषा हितेन्द्र धूमाल तथा देशभर में पदस्थ बैंक के राजभाषा अधिकारियों ने सहभागिता की।
