Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

गुरु गौरव एवं वनमाली शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा जगत की उत्कृष्ट विभूतियों का सम्मान

1 min read

नर्मदापुरम। कौशल श्री विकास समिति द्वारा आयोजित “गुरु गौरव एवं वनमाली शिक्षक सम्मान–2026” समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में जिले की शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के 250 से अधिक प्राचार्यों, संचालकों एवं शिक्षकों का शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गणेश वंदना एवं गुरु वंदना से हुआ, जिसने पूरे सभागार को भक्तिमय एवं प्रेरणादायी वातावरण से सराबोर कर दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. सीताशरण शर्मा (पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक), श्रीमती माया नारोलिया (राज्यसभा सांसद), ठाकुर विजयपाल सिंह (विधायक, सोहागपुर), डॉ. अतुल सेठा (वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी), डॉ. संगीता जौहरी (कुलसचिव, रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल),तथा श्री सत्यम अग्रवाल (अध्यक्ष, जिला फुटबॉल एसोसिएशन) उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। शिक्षा के साथ-साथ खेल, एनसीसी, स्काउट-गाइड, सांस्कृतिक, साहित्यिक, विज्ञान, नवाचार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे शिक्षकों का सम्मान समाज में शिक्षा के प्रति विश्वास और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का कार्य करता है।

सतीश बिल्लौरे ने बताया कि गुरु गौरव एवं वनमाली शिक्षक सम्मान समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना तथा समाज में गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने बताया कि इस गरिमामय समारोह में जिले की शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के 250 से अधिक प्राचार्य, संचालक एवं शिक्षक सहभागी बने। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, एनसीसी, स्काउट-गाइड, सांस्कृतिक, साहित्यिक, विज्ञान एवं नवाचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमापूर्ण संचालन आशुतोष शर्मा एवं मोनिका राजोरिया ने किया।

इस अवसर पर मनीष बिल्लौरे, राकेश पांडे, कृतिका मालवीय, सुनील सोनी सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

समारोह ने गुरुजनों के सम्मान, शिक्षा के प्रति समर्पण तथा समाज में शिक्षकों की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया।

 

About The Author