कॉलेजों की बदहाल व्यवस्थाओं पर एबीवीपी का हल्लाबोल, बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद रहे ।
1 min read
oplus_0
नर्मदापुरम। विद्यार्थियों की मूलभूत शैक्षणिक एवं जरूरी सुविधाओं की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने गुरुवार दोपहर नर्मदापुरम कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदेश संगठन के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। करीब आधे घंटे तक धरने के बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन गेट पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया। कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग हटाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और अंदर जाने के लिए उसे पार करने की कोशिश की। एक ओर कार्यकर्ता बैरिकेडिंग हटाने के लिए जोर लगाते रहे, वहीं दूसरी ओर एसडीओपी जितेंद्र पाठक, डीएसपी संतोष मिश्रा, कोतवाली टीआई गौरव बुंदेला, देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी, ट्रैफिक निरीक्षक सुनीता पटेल, पुलिस जवान और तहसीलदार सुशील शर्मा बैरिकेडिंग को संभाले खड़े रहे। पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी के चलते कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के अंदर प्रवेश नहीं कर सके। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए। उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया और इसके बाद रघुपति राघव राजा राम भजन गाया। कुछ देर बाद कार्यकर्ताओं ने दोबारा बैरिकेडिंग पर चढ़कर उसे पार करने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात रहा।
एबीवीपी ने सरकारी कॉलेजों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। परिषद की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त एवं स्वच्छ शौचालय, छात्राओं के लिए आवश्यक सुविधाएं, कक्षाओं में उचित फर्नीचर, बिजली और प्रकाश व्यवस्था, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं तथा खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की गई।
इसके साथ ही सुरक्षित कॉलेज परिसर, इंटरनेट एवं डिजिटल सुविधाएं, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं, प्राथमिक उपचार और छात्र सहायता केंद्र जैसी सुविधाओं में सुधार की मांग भी रखी गई। प्रदर्शन के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट नितिन टाले को ज्ञापन सौंपा। जिला संयोजक हरदीप नागपाल ने कहा कि प्रत्येक कॉलेज में विद्यार्थियों को बेहतर और सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए, ताकि शिक्षा के साथ उनके व्यक्तित्व का भी समुचित विकास हो सके। उन्होंने कहा कि कॉलेजों की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं हुआ तो परिषद आगामी दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र मालवीय, विभाग संयोजक मृदुल नाथ चौहान, जिला संयोजक हरदीप नागपाल, कुणाल सराठे, यशवंत दुबे, नगर मंत्री दिव्याश शर्मा, इशिका मालवीय, यशवंत वर्मा, विवेक पटेल सहित बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
