NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

रविवार को होगा युवा नेतृत्व विकास कार्यशाला का आयोजन, विभिन्न सत्रों में युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

नर्मदापुरम। नर्मदापुर युवा मंडल द्वारा युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक कौशल एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से युवा नेतृत्व विकास कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला का आयोजन 9 अगस्त रविवार को सुबह 10 बजे से हैप्पी मैरिज गार्डन नर्मदापुरम में होगा।

कार्यशाला में युवाओं के व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता को निखारने के लिए विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इन सत्रों में अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञों एवं वक्ताओं द्वारा युवाओं का मार्गदर्शन किया जाएगा। नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक कौशल, सामाजिक जिम्मेदारी, सकारात्मक सोच, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद एवं मार्गदर्शन के माध्यम से युवाओं को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। नर्मदापुर युवा मंडल के मनीष परदेशी ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमताओं का सकारात्मक उपयोग करते हुए उन्हें समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराने के साथ ही उनमें जिम्मेदारी, अनुशासन, टीम भावना एवं सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान नर्मदापुरम की युवा प्रतिभाओं का विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए सम्मान भी किया जाएगा। नर्मदापुर युवा मंडल अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यशाला में सहभागिता करने की अपील की है।

 

About The Author