चार दिनों से लगातार जारी विशेष प्रवर्तन अभियान में 703 वाहनों पर कार्रवाई, ₹3.02 लाख से अधिक का समन शुल्क वसूला
नर्मदापुरम। यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा निजी वाहनों पर अवैध रूप से हूटर, फ्लैशर, VIP एवं शासकीय स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, ब्लैक फिल्म और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 1 से 10 अगस्त तक संचालित इस अभियान के अंतर्गत चौथे दिन भी जिलेभर में व्यापक वाहन जांच की गई।
अभियान के चौथे दिन 174 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए ₹68,600 का समन शुल्क वसूला गया। वहीं अभियान के पहले चार दिनों में अब तक 703 वाहनों पर कार्रवाई कर ₹3,02,300 का समन शुल्क वसूला जा चुका है।
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने निजी वाहनों पर लगाए गए अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, VIP एवं शासकीय स्टिकर, अनधिकृत पदनाम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा ब्लैक फिल्म के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। चौथे दिन की कार्रवाई में 2 अवैध फ्लैशर लाइट, 22 ब्लैक फिल्म लगे वाहन, 36 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा 3 अनधिकृत पदनाम प्रदर्शित करने के मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की गई।
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संतोष मिश्रा के नेतृत्व में जिलेभर में प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निजी वाहनों से अवैध हूटर, फ्लैशर, VIP एवं शासकीय स्टिकर, पदनाम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा ब्लैक फिल्म तत्काल हटवा लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विशेष प्रवर्तन अभियान 10 अगस्त तक पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

