“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जीनियस प्लानेट स्कूल, में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
इटारसी। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 25 जुलाई 2026 को जीनियस प्लानेट स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने हेतु एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक सुश्री स्नेहा चंदेल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा एवं समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों से दूर रहने, अपने मित्रों एवं परिवार को भी जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता पर बल दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपना सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
नर्मदापुरम पुलिस द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिलेभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है।

