Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

हेलमेट विशेष अभियान में पुलिस की सख्त कार्रवाई 933 चालकों पर चालान, लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू

1 min read

नर्मदापुरम। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मृत्यु की गंभीरता को देखते हुए प्रदेशभर में विशेष हेलमेट अभियान संचालित किया जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का एक बड़ा हिस्सा दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं से संबंधित होता है, जिनमें लगभग 80 प्रतिशत मृतक हेलमेट नहीं पहने होते हैं।

इसी क्रम में पुलिस द्वारा 26 अप्रैल से विशेष हेलमेट अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन में जिले के सभी 16 थाना क्षेत्रों एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत अब तक 3000 से अधिक दोपहिया वाहनों की सघन जांच की गई, जिनमें 933 वाहन चालक बिना हेलमेट के पाए गए। इन सभी के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹2.81 लाख का जुर्माना वसूला गया है।

सिर्फ 6 दिनों की कार्रवाई में बिना हेलमेट चलने वालों की इतनी अधिक संख्या का सामने आना इस अभियान की प्रासंगिकता और सड़क सुरक्षा के प्रति अभी और अधिक जागरूकता की आवश्यकता को दर्शाता है।

पुलिस द्वारा केवल दंडात्मक कार्रवाई ही नहीं, बल्कि व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। अब तक जिलेभर में 91 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 4753 से अधिक नागरिकों को हेलमेट पहनने के महत्व, सही तरीके से उपयोग तथा गुणवत्तापूर्ण हेलमेट के चयन के बारे में समझाइश दी गई है।

इसके अतिरिक्त, हेलमेट न पहनने वाले सभी 933 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु भी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी अब केवल जुर्माने तक सीमित नहीं रहेगी।

उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा

“जांच के दौरान कई ऐसे वाहन चालक मिलते हैं जो हेलमेट तो पहनते हैं, लेकिन चिन स्ट्रैप नहीं बांधते या फेस शील्ड का उपयोग नहीं करते। ऐसे चालकों को हेलमेट सही तरीके से पहनने के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, उचित मापदंड एवं गुणवत्ता वाले हेलमेट के उपयोग की समझाइश दी जा रही है, ताकि दुर्घटना की स्थिति में जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।”

उन्होंने बताया कि शहर के सभी 16 थाने एवं यातायात पुलिस प्रतिदिन अलग-अलग स्थानों और समय पर सघन चेकिंग कर रही है। यह विशेष हेलमेट अभियान 10 मई तक निरंतर जारी रहेगा।

About The Author