Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

उपार्जन केंद्रों पर किसानों एवं श्रमिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं की जाए सुनिश्चित : कलेक्टर सोमेश मिश्रा

1 min read

नर्मदापुरम। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने शुक्रवार को इटारसी स्थित गेहूं एवं चना उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के मानवीय दृष्टिकोण से श्रमिकों एवं किसानों में प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने इटारसी कृषि उपज मंडी के उपार्जन केंद्र पर कार्यरत हम्मालों एवं अपनी उपज बेचने आए किसानों को शीतल पेय उपलब्ध करवाया तथा अपने हाथों से मठा वितरित किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में ठंडा पानी एवं छांव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों और श्रमिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने उपार्जन प्रभारी को निर्देशित किया कि किसान अपने एसएमएस के अनुसार जिस दिन उपज लेकर पहुंचे, उसी दिन उनकी उपज की तुलाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को उपार्जित स्कंध का शीघ्र उठाव सुनिश्चित करने तथा परिवहन व्यवस्था में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों का माल रिजेक्ट किया जाए, उन्हें स्पष्ट कारण बताया जाए और रिजेक्ट स्कंध की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी अनिवार्य रूप से की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर पंखा, छन्ना, ग्रेडर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसान अपनी उपज को बेहतर गुणवत्ता में तैयार कर सकें। कलेक्टर ने छोटे रकबे वाले किसानों की उपज की प्राथमिकता से खरीदी करने के निर्देश दिए तथा किसानों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही बड़े किसानों के लिए भी स्लॉट बुकिंग प्रारंभ की जाएगी। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि उपार्जन कार्य में किसी प्रकार की समस्या आने पर किसान तत्काल एसडीएम, जेएसओ अथवा संबंधित एसएडीओ को सूचित करें, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा इटारसी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रैसलपुर स्थित दादाजी वेयरहाउस में संचालित गेहूं उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र पर उपस्थित किसानों एवं हम्मालों को भीषण गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से जलजीरा वितरित करवाया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उपार्जन कार्य में संलग्न श्रमिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों को फर्स्ट एड किट भी प्रदान की तथा निर्देशित किया कि केंद्र पर फर्स्ट एड बॉक्स की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्रीष्म ऋतु में सभी के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए शासन की नीति के अनुरूप ही उपार्जन कार्य संपादित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि केवल एफएक्यू (FAQ) गुणवत्ता के स्कंद की ही खरीदी की जाए। कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन उपार्जन केंद्रों पर समितियों द्वारा नॉन-एफएक्यू गेहूं की खरीदी की गई है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किया जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि किसी भी स्थिति में किसानों को नुकसान नहीं हो यह सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हिमांशु जैन, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती नीता कोरी, अनुविभागीय अधिकारी इटारसी श्री निलेश शर्मा, उपसंचालक कृषि श्री रविकांत सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About The Author