गर्भवती महिलाओं व शिशुओं की जानकारी पोर्टल पर अपडेट करें स्वास्थ्य अधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण
1 min read
नर्मदापुरम । नवीन अनमोल एप्लीकेशन और आरसीएच पोर्टल 2.0 का चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं और शिशुओं की निगरानी के लिए पोर्टल लाभकारी है। जिसके लिए कार्यकर्ताओं को जानकारी पोर्टल पर अपडेट करने के बारे में बताया जा रहा है। नर्मदापुरम के होटल प्राइम लैंड में ब्लॉक वार मेडिकल ऑफिसर, सीएचओ, डाटा एंट्री ऑपरेटर तथा एएनएम को प्रशिक्षण प्रदान किया। सीएमएचओ डॉ. दिनेश देहलवार ने प्रशिक्षण में बताया कि गर्भवती माताओं के पंजीयन तथा शिशु के पंजीयन की निगरानी व समय पर टीकाकरण, हाइरिस्क गर्भवती महिला की जटिलता का शीघ्र पता लगाकर समय पर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना उद्देश्य है। अनमोल एप्लीकेशन तथा पोर्टल के नए वर्जन में पंजीयन के लिए समग्र आईडी, आधार कार्ड तथा बैंक खाते की ई-केवायसी अनिवार्य रूप से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जननी सुरक्षा व प्रसूति सहायता योजना के पात्र हितग्राहियों को भुगतान के लिए समग्र से आधार लिंक करवाना तथा आधार कार्ड से बैंक खाता लिंक करवाना होगा, तभी प्रोत्साहन राशि का भुगतान सीधे खाते में जमा होगा। गर्भवती महिला के पंजीयन के समय पति-पत्नी के समग्र आईडी एक ही परिवार सूची में अपडेट करवाना होगा। मास्टर ट्रेनर अनुष्का मालवीय ने प्रेजेन्टेशन के माध्यम से बताया कि नए एप्लीकेशन के माध्यम से पंजीयन के साथ ही हाई रिस्क एएनसी का फॉलोअप, प्रसव उपरांत दी जाने वाली सुविधा तथा बच्चों के टीकाकरण की ट्रेकिंग आसानी से की जा सकेगी। प्रशिक्षण की राज्य स्तरीय अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग की गई इस दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डीपीएम उपस्थित थे।
